दिल्ली में फ्री कोविड वैक्सीन शुरु होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

नई दिल्ली: विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान की शुरुआत आज भारत में हुई। इसके लिए दिल्ली में 86 स्थानों पर टीकाकरण अभियान शुरु किया गया। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने शांति मुकुंद अस्पताल में टीकाकरण का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा और मीडिया प्रमुख नवीन कुमार उपस्थित थे। दिल्ली के कई प्रमुख केंद्रों पर टीकाकरण की शुरुआत हुई, जिसमें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान पर प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव बब्बर, सफदरजंग अस्पताल पर प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील यादव, राममनोहर लोहिया अस्पताल पर प्रदेश उपाध्यक्ष राजन तिवारी व प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष योगिता सिंह, लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल पर प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गोयल देवराहा और ईएसआई राजा गार्डन पर प्रदेश उपाध्यक्ष कर्मसिंह कर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकार्ताओं ने भारत में निर्मित कोविड वैक्सिन के फ्री शुरुआत पर मिठाईयां बांटी और जमकर खुशियां मनाई।
शांति मुकुंद अस्पताल में मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आज के दिन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पूरे देश में डॉक्टर्स, नर्स, पैरामेडिकल स्ट़ॉफ और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों को फ्री वैक्सीन उपलब्ध कराने के लिए हम प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का आभार व्यक्त करते हैं जिनकी सूझ-बूझ से भारत कोरोना काल में भयानक त्रासदी से बच पाया। आज उसी का नतीजा है कि हम 3 करोड़ से ज्यादा देश के कोरोना वरियर्स को पहले चरण में टीका लगाने में सफल हो रहे हैं। दिल्ली में 2 लाख 74 हज़ार वैक्सीन कोरोना वरियर्स को मुफ्त में लागाई जा रही है। आदेश गुप्ता ने उन लोगों को भी बधाई दी है जो इस टीकाकरण में शुरुआत से लगे हुए है। चूंकि उनके कठिन परिश्रम के बिना यह अभियान सफल नहीं हो पाता।

Facebook Comments