भाजपा का डीजल पर वैट को लेकर तीसरे दिन भी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी

नई दिल्ली: केजरीवाल सरकार के खिलाफ प्रदेश भाजपा के विभिन्न मोर्चों द्वारा लगातार तीसरे दिन डीजल के वैट में कमी न करने पर विरोध प्रदर्शन किया गया। भाजपा की मांग है कि डीजल के वैट में कमी की जाए जिसके लिए पार्टी के विभिन्न मोर्चों जिसमें आज अनुसूचित जाति मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा एवं ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा दिल्ली के विभिन्न प्रमुख 18 स्थानों पर हाथों में प्ले कार्ड लेकर केजरीवाल सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।

प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल ने कहा कि बाकी राज्यों में सरकारें पेट्रोल और डीजल पर वैट कम कर चुकी है जिससे वहां की परिवहन व्यवस्था से लेकर माल ले जाने- आने में किराया भी सस्ता हो गया है, लेकिन अरविंद केजरीवाल सिर्फ घोषणाएं करने और दूसरे राज्यों में प्रचार तंत्र फैलाने में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के विभिन्न मोर्चों द्वारा पिछले तीन दिनों से डीजल पर वैट कम करने को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है क्योंकि दिल्ली में सबसे ज्यादा डीजल का ही प्रयोग किया जाता है, लेकिन अरविंद केजरीवाल अपनी ‘घोषणा मंत्री’ वाले छवि को और पुख्ता करने में लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने सत्ता में आने से पहले वादा किया था कि वह दिल्ली में पेट्रोल और डीजल पर सभी राज्यों की तुलना में सबसे कम वैट लगाएंगे लेकिन डीजल पर 12 प्रतिशत वैट था जिसे बढ़ाकर 30 प्रतिशत कर दिया और पेट्रोल पर वैट 20 प्रतिशत से  30 प्रतिशत कर दिया। लेकिन जब भाजपा ने विधानसभा में इसका विरोध किया तो तब जाकर डीजल पर 30 प्रतिशत से 17 प्रतिशत हो गया और एक बार फिर से भाजपा दिल्ली की आवाज बनी हुई है।
प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष भूपेन्द्र गोठवाल ने सुल्तानपुरी में प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि डीजल पर वैट कम न करके केजरीवाल सरकार ने दिल्लीवासियों और यहां बाहर से रोजगार की तालाश में आए लोगों के साथ अन्याय कर रही है। दिल्लीवालें पहले ही कोरोना से रोजगार की मार झेल रहे हैं और अब डीजल को लेकर भी उन्हें दोहरी मार का शिकार होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने डीजल पर कोई वैट कम न करके दिल्ली की जनता के साथ विश्वासघात किया है। डीजल पर भी वैट कम किया जाए अन्यथा इसके लिए भी हमारा आंदोलन और बृहद रुप से आगे भी जारी रहेगा।
प्रदेश भाजपा ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष संतोष पाल ने कहा कि डीजल के कारण परिवहन की लागत बढ़ने से रसोई का बजट बिगड़ गया है। किसानों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आज प्रदेश भाजपा के विभिन्न मोर्चों द्वारा दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में विरोध प्रदर्शन किया गया जिसमें प्रदेश, जिला, मंडल एवं बूथ स्तर के पदाधिकारियों सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

Facebook Comments