यमुना की सफाई के बिना स्वच्छ दिल्ली की कल्पना भी नहीं की जा सकती: गुप्ता

नई दिल्ली:  दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता के नेतृत्व में प्रदेश भाजपा ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर शुरू किए गए सेवा और समर्पण अभियान के तहत एक विशेष अभियान चलाकर यमुना की सफाई कार्यक्रम का आयोजन किया। 71 विभिन्न जगहों पर आयोजित किए गए इस कार्यक्रम में प्रदेश के सभी गणमान्य पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया और यमुना नदी की सफाई की और आगे भी सफाई अभियान निरन्तर चलता रहे, इसका वादा किया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आज आईटीओ स्थित छठ घाट पर यमुना की सफाई के दौरान कहा कि यमुना की सफाई के बिना स्वच्छ दिल्ली की कल्पना भी नहीं की जा सकती। यमुना के अंदर जो प्रदूषण है, वो कैसे समाप्त होता है यह दिल्ली सरकार की जवाबदेही है लेकिन दिल्ली के नागरिक होने के नाते हमारा यह कर्तब्य बनता है कि हम यमुना की सफाई में श्रमदान दें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर शुरू किया गया सेवा और समर्पण अभियान के तहत यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है ताकि आने वाले समय में छठ का त्योहार हम साफ सफाई के साथ और स्वच्छ वातावरण के साथ मना सके।
आदेश गुप्ता ने कहा कि अरविंद केजरीवाल द्वारा छठ पूजा पर रोक लगाने का फैसला बिल्कुल गलत है। आज दिल्ली में बाजार पूरी तरह खुल चुका है और साथ ही कही पर भी आने जाने पर रोक नहीं है तो ऐसे में छठ पूजा पर रोक लगाने का क्या मतलब है। सफाई अभियान में श्री गुप्ता के साथ कार्यक्रम के संयोजक और प्रदेश भाजपा महामंत्री कुलजीत सिंह चहल और प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल सहित कई कर्यकर्ता मौजूद थे।
भाजपा द्वारा यमुना किनारे फैली गंदगी की सफाई के लिए हर स्थान के लिए एक पालक चुने गए हैं जिनके नेतृत्व में नियमित रूप से यमुना तट की सफाई की जाएगी।  इस अभियान के लिए नगर निगमों द्वारा जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जो स्वच्छ भारत अभियान है उसको चरितार्थ करने के लिए प्रदेश भाजपा पूरी तरह से संकल्पित है।
राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने आज न्यू अशोक नगर में यमुना किनारे सफाई अभियान में हिस्सा लिया जहां उनके साथ प्रदेश महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, सुनील यादव एवं जयवीर राणा उपस्थित थे।
नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने आज सैंकड़ो कार्यकर्ताओं के साथ कालिंदी कुंज में यमुना की सफाई अभियान में हिस्सा लिया। भाजपा सांसद प्रवेश साहिब सिंह ने मदनपुर खादर स्थित यमुना किनारे सफाई अभियान में हिस्सा लिया। इसके अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने आज चांदनी चौक यमुना बाजार के यमुना किनारे सफाई अभियान में हिस्सा लिया। उनके साथ यमुना की सफाई के लिए संकल्पित भाजपा कार्यकर्ता भी शामिल हुए। प्रदेश भाजपा महामंत्री हर्ष मल्होत्रा ने आज सोनिया विहार जीरो पुस्ता के पास यमुना किनारे सफाई अभियान में हिस्सा लिया।

Facebook Comments