कांग्रेस-सपा-बसपा सुख भोगने के लिए सत्ता में आती है: स्वतंत्र देव सिंह

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को प्रदेश के विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक दलों ने अपना समर्थन पत्र सौंपते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काम करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव मंे भाजपा की प्रचण्ड विजय के लिए संकल्प लिया।

हिस्सेदारी मोर्चा के घटक दलों में प्रगतिशील समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील कुशवाहा, राष्ट्रीय जलवंशी क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र निषाद, मानव क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी आर.एन. मानव ने अपने दलों का समर्थन पत्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को सौंपा। ज्ञातव्य है कि इससे पूर्व हिस्सेदारी मोर्चा के सात घटक दल पूर्व में भाजपा को अपना समर्थन दे चुके हैं।

इसके साथ ही सामाजिक न्याय नवलोक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक डा. लेखराज निषाद तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. रणवीर सिंह लोधी ने भाजपा के समर्थन में अपने दल का समर्थन पत्र प्रदान किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सपा-बसपा व कांग्रेस सदैव भगवा, साधु-संत, हिन्दू धर्म तथा भारतीय संस्कृति का अपमान करते है। यह दल प्रभु श्री राम के अस्तित्व को नकारने वाले हैं। उन्होंने सपा प्रमुख पर तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि अपने पिता व चाचा को दरकिनार करने वालों में संस्कार की कमी है।

उनका सत्ता का सपना कभी साकार नहीं होगा। आज योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार और भय से मुक्त शासन है जो प्रदेश की मां, बहन, बेटियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करता है। उन्होंने पत्रकारों द्वारा किये गए सवालों का जबाब देते हुए कहा कि प्रियंका वाड्रा अपने परिवार से हटकर देश की किसी बेटी को अपनी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष ही बनाकर दिखा दें। परिवार के तीन सदस्य पार्टी के नाम पर ट्रस्ट चला रहे हैं। कांग्रेस-सपा-बसपा सुख भोगने के लिए सत्ता में आती है।

उन्होंने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि आप लोंगो के साथ चलने से पार्टी मजबूत होगी और पार्टी का अंत्योदय सपना शीघ्र साकार होगा।

Facebook Comments