दिल्ली भाजपा ने केजरीवाल की काली कारस्तानी का किया पर्दाफाश

नई दिल्ली:  दिल्ली के तीनों नगर निगम की छवि खराब करने के लिए आम आदमी पार्टी और उनके नेता फर्जी वीडियो वायरल करवा रहे हैं, जिसे लेकर दिल्ली भाजपा ने आम आदमी पार्टी नेताओं पर एफ.आई.आर. दर्ज करवायी है। इसकी जानकारी देते हुए दिल्ली भाजपा प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने आम आदमी पार्टी नेता दुर्गेश पाठक द्वारा नगर निगम के ऊपर लगाए गए झूठे आरोपों का खुलासा करते हुए प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित किया।

प्रेस वार्ता में वो वीडियो भी दिखाया गया जिसमें गलत तरीके से आम आदमी पार्टी ने कैग, पुलिस और निजी चैनल का लोगो इस्तेमाल किया है। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष राजन तिवारी, अशोक गोयल देवराहा, मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक अभय वर्मा, प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर, ऋचा पांडे मिश्रा एवं प्रदेश मीडिया सह-प्रमुख महेश वर्मा उपस्थित थे।

प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि जैसे ही कोई चुनाव नजदीक होता है, आम आदमी पार्टी और उनके नेता भ्रम और भय का प्रोपेगेंडा फैलाने लगते हैं। अरविंद केजरीवाल जिनकी आदत है आरोप-प्रत्यारोप की, उनकी नीति और नियत जनता के बीच भ्रम फैलाना ही है। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी जो पहले से ही भ्रष्टाचार में डूबी हुई है उसके नेता दुर्गेश पाठक और विकास गोयल ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम पर 14000 करोड़ रुपए के हेरफेर का आरोप लगाया। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के संपत्ति कर की हेराफेरी का आरोप न केवल झूठा है बल्कि यह एक सुनियोजित साजिश है।

कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि जो वीडियो हमारी पार्टी द्वारा निगम को बदनाम करने के लिए फैलाया जा रहा है उसकी जांच आई टी टीम से करवाने पर पता चला कि यह वीडियो किसी निजी चैनल का नहीं बल्कि व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए चलाया गया है जिसमें कैग और पुलिस का जिक्र है। इसलिए दिल्ली भाजपा के लीगल टीम ने एफ.आई.आर धारा 420, 468, 469, 471 और आईटी एक्ट 66सी के तहत दर्ज कराई गई है। 2022 में निगमों के चुनाव है और आम आदमी पार्टी को पता है कि वह नगर निगम का चुनाव हारने जा रही है। निगम का बकाया 13000 करोड़ रुपए न देने पड़े इसलिए आम आदमी पार्टी के नेता नया शगुफा लेकर आए हैं।

आम आदमी पार्टी नेता दुर्गेश पाठक और सौरभ भारद्वाज दोनों को ही निराधार आरोप लगाने की आदत हैं लेकिन अब भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश के नेता यह सुनिश्चित करेंगे कि आम आदमी पार्टी नेताओं पर कड़ी कार्रवाई हो। उन्होंने बताया कि हमने आज एक प्राथमिकी दर्ज की है और कुछ दिन पहले हमारे पार्षद रविन्द्र कुमार ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और दुर्गेश पाठक को एक कानूनी नोटिस भेजा है और अब यह सुनिश्चित करने के लिए न्यायिक सहारा लेंगे ताकि इसके बाद आम आदमी पार्टी के नेता आधारहीन आरोप से बाज आए।

Facebook Comments