दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने सिविल डिफेंस को लेकर उपराज्यपाल को पत्र लिखा

नई दिल्ली: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने उपराज्यपाल अनिल बैजल को पत्र लिखकर उनका ध्यान सिविल डिफेंस वोलेंटियरस को लेकर जनता की बढ़ती शिकायतों की ओर आकृष्ट कर मांग की है कि सिविल डिफेंस में अब तक भर्ती सभी वोलेंटियरस की पुलिस जांच करवाई जाये और इनकी वर्दी का रंग भी बदला जाये।

पत्र में आदेश गुप्ता ने कहा है कि गत दो वर्ष में दिल्ली सरकार ने हज़ारों सिविल डिफेंस वोलेंटियरस पंजीकृत किये हैं जिन्हे अच्छा बड़ा पारिश्रमिक भी दिया जा रहा है। जहाँ एक ओर इन वोलेंटियरस के सत्ताधारी दल से जुड़े होने की शिकायत की चर्चा है तो वहीं इनके व्यवहार को लेकर भी बहुत सी शिकायतें मिल रही हैं।
आदेश गुप्ता ने उप राज्यपाल से कहा है कि यह आम चर्चा है कि सिविल डिफेंस में भर्ती किये जा रहे अधिकांश वोलेंटियरस की शिक्षा का स्तर भी बहुत कमजोर है और इनकी चारित्रिक पृष्ठभूमि भी साफ नही है। ऐसा माना जाता है की दिल्ली की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लियें सिविल डिफेंस की वर्दी पहनाई जा रही है और सिविल डिफेंस भर्ती प्रक्रिया बिलकुल भी पारदर्शी नही।
विगत एक वर्ष से कोविड चालानों कि आड़ में लोगों से लूट खसौट की शिकायतें तो सामान्य शिकायत बन ही गई हैं वहीं गत 6 माह में अनेक ऐसे मामले सामने आये हैं जिनमें संगठित जुर्मों तक में सिविल डिफेंस में भर्ती युवकों की भूमिका निकली है।
ऐसे मामले भी सामने आये हैं जहाँ खाकी वर्दी का डर दिखा कर इन सिविल डिफेंस वोलेंटियरस ने राह चलते माल वाहक आटो, रिक्शा या ठेले वालों से जबरन धन वसूली की है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने उपराज्यपाल से अनुरोध किया है कि वह दिल्ली सिविल डिफेंस वोलेंटियरस भर्ती प्रक्रिया की विभागीय जांच के साथ ही अब तक भर्ती सभी वोलेंटियरस की पुलिस द्वारा चारित्रिक जांच करवायें। साथ ही सिविल डिफेंस की वर्दी खासकर कमीज का रंग बदला जाये ताकि यह लोग खाकी वर्दी से आम नागरिकों को डरा ना सकें।

Facebook Comments