दिल्ली भाजपा ने 5000 नॉर्थ ईस्ट के बच्चों को मोदी किट उपलब्ध करवाया: आदेश गुप्ता
Date posted: 4 July 2020

नई दिल्ली: कोविड-19 संक्रमण काल में दिल्ली भाजपा ने जनसेवा और जनसंवाद के जो अभियान चलाए हैं, उसी संदर्भ में आज प्रदेश कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के समक्ष दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने “सेवा ही संगठन“ अभियान की प्रस्तुति दी और आगे का मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉ हर्षवर्धन, दिल्ली भाजपा पूर्व अध्यक्ष विजय गोयल, नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, दिल्ली भाजपा पूर्व अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी, सांसद मीनाक्षी लेखी, रमेश बिधूड़ी, प्रवेश साहिब सिंह, श्री हंसराज हंस, गौतम गंभीर, दिल्ली भाजपा पूर्व अध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय, राष्ट्रीय मंत्री सरदार आरपी सिंह, महेश गिरि, मिजोरम प्रभारी पवन शर्मा, दिल्ली भाजपा पूर्व अध्यक्ष व विधायक विजेंद्र गुप्ता, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, राजेश भाटिया सहित कई प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का अभिनंदन करते हुए आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली भाजपा ने टेक्नोलॉजी का उपयोग करते हुए वर्चुअल रूप से काम किया और 55520 कार्यकर्ताओं से जन संवाद स्थापित किया। माननीय प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के आवाहन पर दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं ने यह सुनिश्चित किया कि दिल्ली में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए। सेवा कार्य में दिल्ली के सभी सांसद, विधायक, पदाधिकारी, प्रदेश स्तर से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता भागीदार बने और परिणामस्वरूप 1 करोड़ से ज्यादा फूड पैकेट, 31 लाख से ज्यादा मोदी किट, 10 लाख से ज्यादा फेस मास्क वितरित किया गया। 1617 कार्यकर्ता अकेले रहने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगों की सेवा में लगे हुए थे और उन्हें हर प्रकार की सहायता पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने बताया कि गांव की गौशाला के लिए 1000 टन से ज्यादा चारा पहुंचाया गया। सेवा बस्ती में रहने वाले बच्चों के लिए दूध उपलब्ध करवाया गया। कार्यकर्ताओं ने 106,430 लोगों को पीएम केयर्स फंड में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
श्री गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में कई नॉर्थ ईस्ट के बच्चे रहते हैं जो लॉकडाउन के कारण घर नहीं जा पाए, दिल्ली भाजपा ने 5000 नॉर्थ ईस्ट के बच्चों को मोदी किट उपलब्ध करवाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली भाजपा ने सोशल मीडिया को सहायता पहुंचाने के लिए इस्तेमाल किया और 15 हजार से ज्यादा प्रवासियों की मदद की। मैसेज हेल्प लाइन नंबर के जरिए 7376 लोगों ने सहायता मांगी जिसका निवारण कम से कम समय में किया गया। उन्होंने कांग्रेस नेता श्री अधीर रंजन चैधरी द्वारा ट्वीट के जरिए लोगों के फंसे होने की जानकारी मिलने का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली भाजपा ने संकट के समय राजनीतिक मतभेद से परे होकर उस ट्वीट से मिली जानकारी पर फंसे हुए लोगों को घर पहुंचाने का काम किया।
श्री गुप्ता ने बताया कि महिला मोर्चा द्वारा घरों में 3 लाख 78 हजार मास्क बनाए गए। इस संकट के समय में मंदिर के पुजारियों व ग्रंथियों को मोदी किट के साथ ही 5000 रुपए की आर्थिक सहायता भी दी गई। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर दिल्ली भाजपा ने मिशन अनिवार्य की शुरुआत की जिसके तहत सेवा बस्तियों में रहने वाली महिलाओं और किशोरियों के बीच एक लाख से ज्यादा सेनेटरी नैपकिन का वितरण किया गया और यह कार्य निरंतर जारी है।
श्री गुप्ता ने कहा कि स्थापना दिवस के कार्यक्रम के उपलक्ष में कार्यकर्ताओं ने 40,000 मास्क का वितरण किया। पार्टी की अपील पर अंबेडकर जयंती के अवसर पर कार्यकर्ताओं ने अपने घरों पर ही अंबेडकर की चित्र पर माल्यार्पण किया और लाखों की संख्या में मोदी किट का वितरण किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इन अभियानों के जरिए दिल्ली के लोगों को सहायता पहुंचाने के लिए दिन-रात काम किया और सोशल डिस्टेंसिंग का भी विशेष ध्यान रखा। उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने पलायन कर रहे हैं प्रवासी मजदूरों की सेवा की। प्रवासी मजदूरों के बीच 70,000 फूड पैकेट, 20,000 फेस कवर, 3000 फेस शील्ड एवं 4,000 जूते-चप्पल वितरित किए गए।
श्री गुप्ता ने प्रेरणादायक प्रसंग का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि बतौर कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष की दिल्ली ईकाई के सेवा कार्यों में भागीदारी रही जिससे दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं का भी मनोबल बढ़ा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के घर से 90 दिनों तक रोज 500 पैकेट वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं ने चिकित्सा से जुड़ी समस्याओं के लिए भी लोगों की हर संभव मदद की। लॉकडाउन के दौरान 17 साल के बच्चे की बीमारी के लिए एक इंजेक्शन मिल नहीं रहा था तो दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं ने 25 किलोमीटर दूर जाकर उस इंजेक्शन को ढूंढा और उस बच्चे तक पहुंचाया। उस बच्चे के पिता ने भाजपा को इसके लिए भावनात्मक धन्यवाद पत्र भी लिखा।
श्री गुप्ता ने गुजराती भाई-बहनों का उल्लेख करते हुए बताया कि दिल्ली में 1000 से ज्यादा वाघरी समाज के गुजराती भाई-बहन फंसे हुए थे जिनके घर जाने की व्यवस्था भी दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं ने ही की। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं ने घुमंतू जाति के सपेरों की बस्ती पहुंचकर उनके लिए 1 महीने की राशन हेतु मोदी किट उपलब्ध करवाए जिसके लिए उन्होंने बीन बजा कर प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया।
श्री गुप्ता ने कहा कि दिल्ली भाजपा ने जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की है जिसके तहत मोदी का पत्र, मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के प्रथम वर्ष की उपलब्धियां और कोरोना से बचाव हेतु उपायों के पत्र के साथ 10 लाख काढ़े के पैकेट का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री जी ने गंभीरता से दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए सेवा कार्यों को सुना और सराहा। दिल्ली भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी कर्मठता का परिचय देते हुए सेवा कार्य कर रहा है।
Facebook Comments