दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा का 1 लाख पेड़ लगाने का अटल संकल्प

नई दिल्ली:  दिल्ली में लगातार वायु प्रदूषण बढ़ता जा रहा है, इसे रोकने हेतु आज दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा द्वारा 1 लाख पेड़ लगाने का अटल संकल्प कार्यक्रम और सामाजिक संदेश देने के लिए साईकिल रैली का आयोजन किया गया। श्रृद्धैय स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई जी की समाधि सदैव अटल स्थल पर मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, दिल्ली भाजपा पूर्व अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी, सांसद मीनाक्षी लेखी, सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और उत्तरी दिल्ली नगर निगम महापौर जयप्रकाश ने पुष्प अर्पित कर वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम का नेतृत्व दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष वासु रूखड़ ने किया।

वृक्षारोपण अटल संकल्प कार्यक्रम के उपरांत मुख्य अतिथियों सहित हजारों युवाओं के साथ अटल संकल्प संदेश यात्रा हेतु साईकिल रैली निकाली गई, जो अटल समाधि से शुरू होकर अजमेरी गेट होते हुए पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी शहीदी पार्क पर समाप्त हुई। शहीदी पार्क पहुंचकर मुख्य अतिथियों ने पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने कहा कि हम सब मिलकर प्रदूषण को मिटायेंगे अपने पर्यावरण को स्वच्छ बनाएंगे और अन्य लोगों को भी पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए जागरूक करेंगे।
प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कहा कि हम सभी मिलकर पर्यावरण को साफ बनाएंगे और प्रदूषण को रोकने के वादे को निभाएंगे।
दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष वासु रूखड़ ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रदूषण को रोकने में पूरी तरह से असफल है और इसलिए युवाओं ने दिल्ली से प्रदूषण को जड़ से मिटाने का संकल्प लिया।

Facebook Comments