अपनी कमियों को छुपाने के लिए दिल्ली सरकार किसी भी स्तर पर जा सकती है: आदेश गुप्ता
Date posted: 18 June 2020
नई दिल्ली: कोविड-19 समर्पित एलएनजेपी अस्पताल में एक बार फिर से शवों को वार्ड में मरीजों के बीच, लॉबी, वेटिंग एरिया में रखे जाने का मामला सामने आया है जिसे एलएनजेपी के डायरेक्टर ने स्वीकार किया है लेकिन दिल्ली सरकार ने नकार दिया।
इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि सच्चाई को दबाकर रखना दिल्ली सरकार की फितरत बन गई है और अपनी कमियों को छुपाने के लिए दिल्ली सरकार किसी भी स्तर पर जा सकती है। अस्पताल और दिल्ली सरकार के बयानों में मतभेद से साफ जाहिर हो रहा है कि सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद शवों के साथ गरिमापूर्ण व्यवहार को लेकर अभी भी दिल्ली सरकार गंभीर नहीं है और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अवमानना कर रही है।
श्री गुप्ता ने बताया कि सच्चाई को दबाने के लिए पहले भी केजरीवाल सरकार ने उन स्वास्थ्य कर्मियों को प्रताड़ित किया जिन्होंने अस्पतालों की दयनीय हालत का वीडियो बनाकर सच को उजागर किया। इसके लिए माननीय सुप्रीम कोर्ट ने भी अस्पतालों की दयनीय हालत का वीडियो बनाने वाले डॉक्टरों के निलंबन और एफआईआर को लेकर दिल्ली सरकार को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मी आज के समय में कोरोना योद्धा है जो अपनी जान की परवाह किए बगैर लोगों की जान बचा रहे हैं उनके साथ केजरीवाल सरकार का ऐसा अशिष्ट व्यवहार अस्वीकार्य और निंदनीय है।
श्री गुप्ता ने कहा कि हम उन स्वास्थ्य कर्मियों का धन्यवाद करना चाहेंगे जो अस्पताल के कोरोना वार्ड में मरीजों और शवों के साथ हकीकत को सामने लेकर आएं। अगर यह सच्चाई सामने नहीं आती तो आज अस्पतालों की बदहाली के कारण न जाने कितने लोग अपनी जिंदगी गंवा देते। आशा है कि दिल्ली सरकार अब अस्पतालों की कमियों को अति शीघ्र ही दूर करेगी ताकि भविष्य में फिर ऐसे हालात सामने न आए और यह सुनिश्चित करेगी कि सच को सामने लाने वाले स्वास्थ्य कर्मियों का उत्पीड़न बंद हो और उनका सम्मान हो।
Facebook Comments