दिल्ली सरकार शिक्षकों को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दे रही है: मनोज तिवारी
Date posted: 5 June 2019
नई दिल्ली: दिल्ली के अम्बेडकर नगर के सरकारी स्कूल में एक शिक्षक की गर्मी से मौत हो गई जिसे लेकर शिक्षक संघ ने सीधा आरोप केजरीवाल सरकार की गलत नीतियों पर लगाया है। शिक्षक की मौत को बेहद गंभीर बताते हुये भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली में इस समय गर्मी से लोग बेहाल है और अभी गर्मी और भी पड़ने वाली है। पहले बढ़ते पारे को देखते हुये दिल्ली में छात्रों व शिक्षकों के स्वास्थ्य की चिंता करते हुये दो महीनों के लिए सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया जाता था लेकिन दिल्ली की सत्ता में जब से केजरीवाल सरकार आयी है तब से दिल्ली सरकार ने तमाम व्यवस्थाओं को ठेंगा दिखाते हुये केवल सत्ता को अपनी मनमर्जी से चलाने के लिये जनहित के कार्य को दरकिनार कर दिया है। अम्बेडकर नगर के सरकारी स्कूल में हुई शिक्षक की मौत पर गहरी संवेदना प्रकट करते हुये मनोज तिवारी ने कहा कि ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि पीड़ित परिवार को इस अपार दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
तिवारी ने कहा कि शिक्षा के नाम पर अपनी पीठ थपथपाने वाली दिल्ली सरकार ने दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था को चैपट कर दिया है। गर्मी की छुट्टियों में बड़े पैमाने पर सरकारी स्कूलों में वाह-वाही लूटने के लिए समर कैम्प लगा दिये गये हैं लेकिन शिक्षकों और बच्चों के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किये गये हैं जिसके कारण शिक्षक उदय चंद झा को अपनी जान गमानी पड़ी। केजरीवाल सरकार की क्रूरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शिक्षक उदय चंद झा ने अपनी बहन की शादी में जाने के लिए छुट्टी का आवेदन किया था लेकिन उनका अवकाश रद्द करके उनसे जबरन काम करवाया गया। दिल्ली सरकार शिक्षकों को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दे रही है।
तिवारी ने कहा कि शिक्षा के नाम पर दिल्ली में केजरीवाल सरकार ने केवल अपने झूठे विज्ञापनों के माध्यम से दिल्ली में बड़ी बड़ी होर्डिंग और पोस्टर लगाये लेकिन जमीनी स्तर पर आज भी दिल्ली के स्कूलों में शिक्षक नहीं है। इसी केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में 500 नये स्कूल बनाने की बात कही थी, लेकिन एक भी नया स्कूल नहीं बनाया। दिल्ली भाजपा पीड़ित परिवार के साथ हर कदम पर खड़ी है और केजरीवाल सरकार से यह मांग करती है कि वह शिक्षक के परिजनों को जल्द से जल्द मुआवजा दे ताकि उनका गुजर बसर ठीक से चल सके।
Facebook Comments