गरीबों का हक़ मार रही दिल्ली सरकार: आदेश गुप्ता

नई दिल्ली:  प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने दिल्ली के स्कूलों में आर्थिक तौर पर कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए आरक्षित सीटों पर विदेशियों और धनवान परिवारों के बच्चों की भर्ती किए जाने के खुलासे पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि इससे केजरीवाल सरकार के अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा मॉडल की पोल तो खुलती ही है, यह देश की सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा बन सकता है। उन्होंने शिक्षा विभाग के इस महाघोटाले की सी.बी.आई. से जांच कराने की और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया के इस्तीफे की भी मांग की है।

गुप्ता ने प्रदेश कार्यालय में हुई प्रेसवार्ता में कहा कि विकासपुरी के आर्थिक तौर पर कमजोर वर्ग में अपने बच्चों की भर्ती के लिए अभिभावक लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। इन अभिभावकों को जब इस घोटाले की जानकारी मिली तो उन्होंने शिक्षा विभाग और राजस्व विभाग के कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर मामला है क्योंकि न केवल जरुरतमंद परिवार का हक मारा गया है बल्कि म्यांमर और अन्य देशों से आए रोहिंग्या और अन्य विदेशियों के बच्चों तक की भर्ती की गई है। इस मौके पर प्रदेश भाजपा महामंत्री हर्ष मल्होत्रा, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख श्री नवीन कुमार जिंदल, मीडिया सह-प्रमुख अनिल वर्मा और प्रदेश प्रवक्ता आदित्य झा उपस्थित थे।
श्री गुप्ता ने इस तरह के विदेशियों के आधार कार्ड बनाना देश की सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा बताया और कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस घोटाले की जिम्मेदारी से बच नहीं सकते हैं और उन्हें इसका जवाब देना ही होगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की भर्ती में बड़े पैमाने पर धन लेकर काम करने के भी आरोप हैं। शिक्षा विभाग पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है।
एक टी.वी. चैनल द्वारा ऑपरेशन हेडमास्टर के नाम से स्टिंग ऑपरेशन में खुलासा किया गया कि आर्थिक तौर पर कमजोर वर्गों के लिए आरक्षित सीटों पर अन्य परिवारों के बच्चों की भर्ती की गई है। इसमें बताया गया कि भर्ती होने वाले बच्चों के आधार कार्ड भी बनाए गए। आय के झूठे प्रमाण पत्र जारी किए गए और शिक्षा विभाग की ई.डब्ल्यू.एस. सूचि जारी होने से पहले इन बाहरी बच्चों के नाम जारी हो गए। यह सब घोटाले शिक्षा विभाग और राजस्व विभाग की मिली भगत से हुआ।
श्री गुप्ता ने आरोप लगाया कि केजरीवाल विदेशी मुसलमानों को न केवल बिजली, पानी और राशन मुफ्त सुलभ करा रहे हैं बल्कि उनके फर्जी आधार कार्ड को मंजूरी देकर देश की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ कर रहे हैं। भाजपा इस तरह की ‘गलत हरकतें’ कभी बर्दाश्त नहीं करेगी और इसके खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ेगी।
श्री आदेश गुप्ता ने कहा कि जिस तरह से शिक्षा विभाग के अधिकारी नियमों की अनदेखी कर गलत तरह से भ्रष्टाचार कर स्कूलों में भर्ती कर रहा है, इसकी जांच सी.बी.आई. के स्तर पर होनी चाहिए और दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यह वही शिक्षा विभाग है जिसकी तारीफ करते केजरीवाल सरकार नहीं थकती है।

Facebook Comments