दीघा के विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने किया दो सड़कों का उद्घाटन

पटना: दीघा विधानसभा क्षेत्र में रविवार को दो सड़कें जनता को समर्पित कर दी गयीं। पहली सड़क दीघा विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 7 के इंद्रपुरी रोड नंबर 10 में बनायी गयी है। वहीं, दूसरी सड़क वेणु बिहार में बनायी गयी है। इन दोनों
सड़क का उद्घाटन दीघा विधायक डॉ संजीव चौरसिया ने किया।

इस मौके पर विधायक डॉ संजीव चौरसिया ने कहा कि दोनों सड़क बनाने की मांग काफी दिनों से स्थानीय लोग कर रहे थे। जिसे पूरा कर दिया गया है। अब लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी। इन सड़कों के निर्माण हो जाने से ये सड़कें अब मुख्य मार्ग से जड़ गयी हैं। लोग अब आसानी से मुख्य मार्ग तक आ-जा सकेंगे। विधायक ने कहा कि दीघा विधानसभा क्षेत्र की ज्यादातर सड़कें बन गयी हैं। अधिकतर गलियों को मोहल्ले और कॉलोनियों के मुख्य मार्ग से जोड़ दिया गया है। साथ ही हमारी कोशिश लगातार जारी है कि जो गलियां मुख्य मार्ग से नहीं जुड़ सकी हैं उन्हें भी जल्द जोड़ दिया जाए। इधर, दोनों सड़कें बन जाने पर स्थानीय लोगों ने खुशी जतायी। स्थानीय लोगों ने कहा कि सड़कें बन जाने से एक बड़ी समस्या अब दूर हो गयी है। दोनों सड़कों के उद्घाटन के मौके पर नवीन सिन्हा मंडल के अध्यक्ष अजय कर्ण, पिंटू श्रीवास्तव, मनोज सिंह, शत्रुघ्न कर्ण, विनय सिंह, शोभा कुमारी व स्थानीय लोग मौजूद थे।

Facebook Comments