डॉ. हर्षवर्धन एवं मनोज तिवारी ने किया उपचुनाव प्रत्याशियों के कार्यालयों का उदघाटन

नई दिल्ली: आगामी नगर निगम उपचुनावों के लिये भाजपा प्रत्याशियों ने आज रविवार अवकाश का लाभ उठाते हुए पदयात्राओं एवं बैठकों के माध्यम से सघन प्रचार किया और शालीमार बाग नार्थ एवं चौहान बांगर से प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों का उदघाटन हुआ।

शालीमार बाग नार्थ वार्ड से प्रत्याशी सुरभी जाजू के चुनाव कार्यालय का उदघाटन आज दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने केन्द्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद डॉ. हर्षवर्धन और सांसद मनोज तिवारी की उपस्थिति में किया। दिल्ली भाजपा के महामंत्री हर्ष मल्होत्रा, जिला केशवपुरम अध्यक्ष राज कुमार भाटिया, पार्षद तिलकराज कटारिया, अंजू जैन एवं सुजीत ठाकुर, पूर्व पार्षद ममता नागपाल, जिला प्रभारी श्याम शर्मा, प्रदेश मंत्री संतोष गोयल, प्रदेश प्रवक्ता श्री खेमचंद शर्मा के आलावा बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उदघाटन कार्यक्रम में सम्मिलित हो कर प्रत्याशी का मनोबल बढ़ाया।
2017 में इस शालीमार बाग नार्थ वार्ड से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुकीं प्रत्याशी सीमा शर्मा ने आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि मंगोलपुरी के युवक रिंकू शर्मा की निर्मम हत्या के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की चुप्पी एवं उनकी पार्टी की ओछी प्रतिक्रियाओं को देखकर दिल्ली की जनता स्तब्ध है और इन्हीं उपचुनाव में आम आदमी पार्टी को सबक सिखायेगी। उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया कि वह अगले एक सप्ताह में घर-घर जाकर वोट चैक करने का कार्य पूरा कर लें और वोटरों को अधिकाधिक वोट डालने को प्रेरित करें क्योंकि जितना अधिक मतदान होगा उतनी प्रबल भाजपा की विजय होगी।
केन्द्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कोविड काल में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के सेवा कार्य की प्रशंसा की और कहा कि जो सेवा एवं त्याग गत वर्ष कार्यकर्ताओं ने किया उसके परिणाम स्वरूप इस उपचुनाव में भाजपा को बड़ी विजय मिलेगी।
सांसद मनोज तिवारी ने वार्ड से दिवंगत भाजपा पार्षद रेनू जाजू के सेवा कार्य का स्मरण किया और कहा कि क्षेत्रवासी उनके कार्य की स्मृति में पुनः इस वार्ड से विजय बनायेगी।
रोहिणी-सी वार्ड से भाजपा प्रत्याशी राकेश गोयल ने आज रोहिणी सेक्टर 24 की जे.जे. कॉलोनी एवं शाहबाद डेयरी में पदयात्रा कर प्रचार किया और उत्तराखंड समाज की विशाल बैठक को सम्बोधित किया। दिल्ली भाजपा के महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह, ज़िला भाजपा अध्यक्ष देवेन्द्र सोलंकी एवं पूर्व विधायक वेद प्रकाश के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता भी प्रचार में सम्मलित हुये।
सांसद मनोज तिवारी ने चौहान बांगर वार्ड से प्रत्याशी मौहम्मद नाजिर अंसारी के चुनाव कार्यालय का उदघाटन किया और आज विधायक अजय महावर एवं जिला भाजपा अध्यक्ष मोहन गोयल ने चुनाव प्रचार को दिशा दी।
त्रिलोकपुरी ईस्ट से भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश गुगरवाल ने आज त्रिलोकपुरी की सेवा बस्तियों में प्रचार किया और जिला अध्यक्ष विनोद बछेती ने उनके समर्थन में कार्यकर्ता बैठक को सम्बोधित किया।
कल्याणपुरी से प्रत्याशी सियाराम कनौजिया ने आज विधायक अभय वर्मा एवं स्थानिय कार्यकर्ताओं के साथ सघन प्रचार किया। उन्होने कहा क्षेत्र में बसा पूर्वांचल समाज इस चुनाव में भाजपा को विजयी बनायेगा।

Facebook Comments