प्रत्येक बूथ को करना होगा कोरोना मुक्त, समाजसेवी संगठनों को लें साथ: स्वतंत्र देव

लखनऊ:  वैश्विक महामारी कोरोना की आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा शुरू किये गये सेवा ही संगठन अभियान 2.0 के तहत पार्टी द्वारा चलाये जा रहे राहत कार्यो की समीक्षा हेतु आज ब्रज व पश्चिम क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों व प्रमुख नेताओं की वर्चुअल माध्यम से बैठक हुई। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल व पार्टी के प्रदेश महामंत्री व हेल्प डेस्क के प्रदेश समन्वयक गोविन्द नारायण शुक्ला ने वर्चुअल बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा चलाये जा रहे राहत व सहायता कार्यो की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर के बीच पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। कार्यकर्ताओं को प्रयासपूर्वक पीड़ितों और जरूरतमंदों तक राहत व सहायता यथाशीघ्र पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार सभी देशवासियों की सुरक्षा के लिए कटिबद्ध होकर काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पीएम केयर्स के माध्यम से देश भर में स्वागत सार्वजनिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 551 पीएसए ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।

वही राज्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार लगातार अस्पतालों में बेड़ो की संख्या बढ़ाने को लेकर कार्य कर रही है। 36 जिलों में एक भी वेंटिलेटर नहीं था। आज हर जिले में वेंटिलेटर है। प्रशिक्षित मानव संसाधन है। उत्तर प्रदेश पहला राज्य हैं, जिसने 04 करोड़ टेस्ट किये। ‘फ्री वैक्सीनेशन फॉर ऑल’ का निर्णय लेने वाला पहला राज्य उत्तर प्रदेश है। सभी को समुचित व बेहतर इलाज मिल सके इसके लिए योगी सरकार लगातार काम कर रही है।

उन्होंने  कहा कि सभी पार्टी पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और मण्डल अध्यक्षों के साथ संपर्क व संवाद स्थापित कर उन्हें भी बूथ अध्यक्षों के साथ संपर्क व संवाद बनाने के लिए प्रेरित करते हुए प्रभावी ढंग से सेवा कार्यो को चलाने की अपील की।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी पदाधिकारियों को जरूरतमंदो व पीड़ितों की सहायता करने के लिए स्थानीय प्रशासन, अस्पताल और समाजसेवी संगठनों के साथ भी मिलकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कार्यकर्ता सेवा कार्यो को मिशन मोड पर चलाने में अपनी भूमिका निभाये।

इसके पूर्व पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता छोटे-छोटे समूहों में कंटेनमेंट जोन या जहां लोग कोविड महामारी से ज्यादा प्रभावित है, वहां पर योजनापूर्वक राहत कार्यो के लिए अभियान चलाये। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपना बूथ कोरोना मुक्त बनाने के लिए कार्य करना चाहिए। यदि हम सब अपने-अपने बूथ पर कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने में सफल हुए तो फिर कोरोना की दूसरी लहर को रोका जा सकेगा।

पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा चलाये जा रहे सेवा कार्यो के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने 1 मई से 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए कोविड वैक्सीनेशन का निर्णय लिया है। पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रयासपूर्वक लोगों को इस बात के लिए प्रेरित करना चाहिए कि वे वैक्सीनेशन के लिए अपना पंजीकरण कराकर निर्धारित समय पर टीका लगवाये। उन्होंने कहा कार्यकर्ताओं को हर जरूरतमंद को सहायता मिले इसी उद्देश्य के साथ सेवा कार्य करना चाहिए।

बैठक में प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) कर्मवीर, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डा. महेन्द्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह, प्रकाश पाल, प्रदेश मंत्री सुभाष यदुवंश, पश्चिम छेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, ब्रज के रंजनीकांत महेश्वरी सहित अन्य प्रमुख पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments