मूलभूत सुविधाएं देने में विफल केजरीवाल सरकार दिल्ली को शराब नगरी बनाने में जुटी

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि पिछले सात सालों में दिल्ली में केजरीवाल सरकार होने के बावजूद हर क्षेत्र में समस्याएं कम होने के बजाय बढ़ी है। दिल्ली में बिजली, पानी, परिवहन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में सुधार होने की बजाय स्थिति और बदतर हो गई है। भाजपा की शहादरा जिला कार्याकारिणी का उदघाटन करते हुए श्री गुप्ता ने कहा कि वैसे तो सारी दिल्ली की जनता में केजरीवाल सरकार के नाकारापन को लेकर रोष है लेकिन शहादरा जिला एक ऐसा क्षेत्र है जहां दिल्ली के अन्य क्षेत्रों के मुकाबले इन सुविधाओं का और भी बुरा हाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार ने जितने भी वायदें किए थे उनको पूरा नहीं किया बल्कि ठीक इसके विपरीत पानी की जगह शराब घर-घर तक पहुंचाने का काम कर जरुर कर दिया है।

श्री गुप्ता ने कहा कि भाजपा सिर्फ राजनीतिक पार्टी ही नहीं बल्कि एक परिवार है और इसलिए हर एक कार्यकर्ता पार्टी के लिए महत्वपूर्ण हैं। इसमें किसी भी तरह का किसी का भेदभाव नहीं होता। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता सेवा और समर्पण के माध्यम से दिल्ली की जनता के मूलभूत समस्याओं को लेकर संघर्ष करते रहेंगे। भाजपा कार्यकर्तओं की मेहनत लगातार रंग ला रही है और कई जनहित के मुद्दों पर केजरीवाल सरकार को झुकना पड़ा है। केजरीवाल सरकार अपनी कमियों को झुपाने के लिए छठ पूजा पर प्रतिबंध लगा दिया था लेकिन समर्पित कार्यकर्ताओं के आंदोलन से उन्हें अपना प्रतिबंध हटाना पड़ा।
आदेश गुप्ता ने कहा कि सिर्फ शहादरा जिले में ही नहीं बल्कि पूरी दिल्ली में सड़क और परिवहन व्यवस्था की स्थिति जर्जर हो चुकी है। जलबोर्ड आज घोटालों का बोर्ड बन गया है और सैकड़ों कालोनियों में पानी नदारद है लेकिन जब हमने  संर्घष शुरु किया तो केजरीवाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं का मुंह बंद करने के लिए नोटिस भेज दिया। हम दिल्ली सरकार को अदालत में चुनौती देंगे और जनता की लड़ाई को लड़ते रहेंगे।
आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली को प्रदूषण की राजधानी बना देने वाले केजरीवाल यमुना सफाई की बड़ी-बड़ी बात करते हैं और जब भी चुनाव आता है तो उसके पहले इन्हें यमुना सफाई की याद आती है। साल 2013 से 2019 तक लगातार यमुना सफाई की बात करने और उसे टेम्स नदी बनाने का झूठा वादा करने वाले केजरीवाल सरकार की नाकामियों के कारण 32 गंदें नालियों का पानी और औद्योगिक कारखानों का कचरा यमुना में जाता है और यमुना प्रदूषित होती जा रही है। इसके लिए 1400 करोड़ रुपये का बजट सरकार ने तय किया था लेकिन अभी यमुना की स्थिति पहले से बदतर है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार नई आबकारी नीति के तहत हर एक वार्ड में 3-3 दुकानें खोल रही है। आजादी के 75 साल के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ है जब बाज़ार, विद्यालय और सार्वजनिक स्थान के शराब की दुकाने खोली जाए।
जिला कार्यकारिणी बैठक में मुख्य रुप से प्रदेश भाजपा संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश भाजपा महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल, प्रदेश मंत्री नीमा भगत, प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक अभय वर्मा, विधायक ओम प्रकाश शर्मा एवं अनिल बाजपेयी, प्रदेश प्रवक्ता ऋचा पांडेय मिश्रा,  आदित्य झा एवं सारिका जैन, प्रदेश भाजपा ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष संतोष पाल, महापौरश्याम सुंदर अग्रवाल, भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉक्टर वेद व्यास महाजन, शहादरा जिला अध्यक्ष रामकिशोर शर्मा, जिला प्रभारी पंकज कुमार जैन, जिला सह-प्रभारी  अरविंद गर्ग, जिला महामंत्री दीपक गाबा, यशपाल कंथुरा एवं अनिल शर्मा सहित अन्य जिला के पदाधिकारी मौजूद थे।

Facebook Comments