दिवंगत पत्रकार तरुण सिसोदिया के परिवार को 2 लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी: आदेश गुप्ता
Date posted: 7 July 2020
नई दिल्ली: दैनिक भास्कर के दिवंगत पत्रकार तरुण सिसोदिया के परिजनों को दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने 2 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का निर्णय लिया है। साथ ही उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिवारीजन के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में परमात्मा उनके परिवार को दुख को सहन करने की ताकत दे। उन्होंने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से भी दिवंगत के परिजनों को हर संभव मदद देने की अपील की।
श्री गुप्ता ने बताया कि दैनिक भास्कर के दिवंगत पत्रकार तरुण सिसोदिया का दिल्ली स्थित एम्स में इलाज चल रहा था। सोमवार को उनकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस सूचना से उनका मन बहुत आहत हुआ है। उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि पत्रकार भी इस कोरोना काल में वॉरियर की भूमिका में काम कर रहे हैं। अपनी जान की परवाह किए बगैर लोगों को सूचनाएं पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
श्री गुप्ता ने शोक जताते हुए कहा कि वह दिवंगत पत्रकार तरुण सिसोदिया के परिजनों से 8 जुलाई को मुलाकात करेंगे और परिजनों को आर्थिक सहायता के रूप में दो लाख रुपए का चेक भेंट करेंगे।
Facebook Comments