प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए दिल्ली की जनता ने सैकड़ों स्थानों पर किया महामृत्युंजय जाप

नई दिल्ली:  दिल्ली के अलग-अलग 194 स्थानों पर आज  समाज के विभिन्न वर्ग के लोगों, सामाजिक संस्थाओं एवं महिलाओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दीर्घायु के लिए महामृत्युंजय का जाप कर पूजा की गई। विभिन्न स्थानों पर हुए महामृत्युंजय जाप में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह एवं दुष्यंत गौतम, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं दिल्ली प्रदेश के प्रभारी बैजयंत जय पांडा, भाजपा के विदेश मामलों के प्रभारी विजय चौथाईवाले, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष राजन तिवारी एवं प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल सहित अन्य पदाधिकारी सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने महामृत्युंजय का जाप किया।
दिल्ली कनॉट प्लेस स्थित शिव मंदिर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दीर्घायु के लिए हुए महामृत्युंजय जाप में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता शामिल हुए और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दीर्घायु की कामना की। जन-जन को मुख्यधारा में जोड़ने वाले माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सभी तरह की परिस्थितियों से निपटने में सबल मिले और राष्ट्र सेवा में वे और दोहरी ऊर्जा के साथ तत्पर रहें इसके लिए दिल्लीवालों ने यह महामृत्युंजय का जाप किया।

इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि विश्व के सबसे प्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं और जिस तरह से उनकी जान को खतरे में डाला गया इससे कांग्रेस की मानसिकता का पता चलता है। उन्होंने कहा कि देश का प्रधानमंत्री किसी पार्टी का नहीं बल्कि पूरे देश का होता है और वह उस देश की धरोहर होता है जिसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी हर एक नागरिक की होनी चाहिए। लेकिन कांग्रेस द्वारा जानबूझकर की गई इस साजिश के कारण आज देश की जनता कांग्रेस की असलियत समझ चुकी है।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन प्रीत विहार स्थित दुर्गा मंदिर में हुए महामृत्युंजय जाप में शामिल हुए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी आयु के लिए भगवान शिव से प्रार्थना की। इस मौके पर उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पंजाब कांग्रेस सरकार का ऐसा कृत्य संघीय ढांचे पर हमला है। प्रधानमंत्री किसी पार्टी विशेष के नहीं पूरे देश के होते हैं। देश के इतिहास में पहली बार है जब राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति के लिए जानबूझकर देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा में गंभीर चूक बरती गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पंजाब की जनता को 42,750 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का तोहफा देने वाले थे लेकिन दुखद है कि पंजाब कांग्रेस सरकार ने निकृष्ट मानसकिता का परिचय दिया, लोकतांत्रिक मूल्यों की धज्जियां उड़ाई तथा पंजाब के विकास कार्यो में रोड़ा अटकाने का महापाप किया।

दिल्ली की जनता ने झंडेवालान मंदिर में भी देश के यशस्वी प्रधानमंत्री की लंबी उम्र के लिए महामृत्युंजय का जाप किया जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रदेश के प्रभारी बैजयंत जय पांडा एवं प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष  बैजयंत जय पांडा ने मीडिया वालों से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की जान को खतरे में डालने की एक साजिश की गई थी जो नाकामयाब रही। यह बहुत शर्मनाक है कि कांग्रेस सबसे लोकप्रिय प्रधानमंत्री से नफरत करते-करते इस स्तर पर आकर सत्ता पाने के लिए ऐसी हरकत भी कर सकती है, यह किसी ने नहीं सोचा था।

प्रदेश के विभिन्न मंदिरों में हुए महामृत्युंजय जाप में भाजपा विधायक ओम प्रकाश शर्मा, भाजपा के मीडिया सह-प्रमुख ममता काले, प्रदेश प्रवक्ता नीतू डबास, प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष रेणु सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Facebook Comments