उत्तरप्रदेश में जितना ज्यादा काम हुआ है उसके लिए सरकार और संगठन बधाई के पात्र हैं : मोदी
Date posted: 4 July 2020

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज भारतीय जनता पार्टी के ‘सेवा ही संगठन‘ कार्यक्रम के प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया और कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का नया संचार किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के समक्ष पार्टी की राजस्थान, महाराष्ट्र, असम, उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और दिल्ली इकाई ने डिजिटली अपना प्रस्तुतीकरण दिया और लॉकडाउन के दौरान जन-सेवा के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा किये गए कार्यों के बारे में विस्तार से बताया। राज्यों ने कई लोगों की प्रेरणादायी कहानियों को भी प्रधानमंत्री जी और पार्टी नेतृत्व के साथ साझा किया। कार्यक्रम को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी संबोधित किया।
प्रधानमंत्री ने पूरे मनोयोग से सभी राज्यों के प्रस्तुतीकरण को देखा और सुना। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने एक संगठन के रूप में जन-सेवा की जो अद्भुत मिसाल पेश की है, वह मानव इतिहास का सबसे बड़ा अभियान है। भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए राष्ट्र की सेवा करना सबसे पहला धर्म है। इस चुनौतीपूर्ण समय में, हमारे कार्यकर्ता भारत भर में अथक प्रयास करके जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं, यह प्रशंसनीय और अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि हमारा संगठन चुनाव जीतने की मशीन नहीं है, हमारे लिए संगठन का मतलब है श्सेवा, सबका साथ, सबका सुख और सबकी समृद्धि। हमारा संगठन समाज के हित के लिए काम करने वाला संगठन है। इसलिए पार्टी को मंडल स्तर, जिला स्तर, राज्य स्तर और राष्ट्रीय स्तर पर इस अभियान पर एक डिजिटल बुकलेट प्रकाशित करना चाहिए और हम यह लक्ष्य निर्धारित करें कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती यानी 25 सितंबर तक कम से कम तीन भाषाओं हिंदी, अंग्रेजी और मातृभाषा में डिजिटल बुकलेट प्रकाशित हो जाए। यह ऐसी चीज है जो भविष्य में प्रेरणा देने वाली है।
श्री मोदी ने कहा कि मैं पार्टी कार्यकर्ताओं के सेवा भाव से अभिभूत हूँ। मैं पार्टी की अन्य इकाइयों से भी अपील करता हूँ कि वे अपना प्रस्तुतीकरण मुझे भेजें, मैं उन्हें देखूंगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने आपदा को अवसर में बदल दिया। अवसर ये कि आप ज्यादा से ज्यादा लोगों की सेवा कर सकें, ज्यादा से ज्यादा लोगों की तकलीफ कम कर सकें, उन्हें इस मुसीबत से उबार सकें। उन्होंने कहा कि जिसकी हम सेवा करते हैं, उसका सुख ही हमारा संतोष है। इसी भावना से गरीबों के प्रति, इसी समभाव और ममभाव से हमारे कार्यकर्ताओं ने इतने कठिन समय में सेवा ही संगठन का इतना बड़ा अभियान चलाया है। दुनिया की नजरों में पार्टी कार्यकर्ता कोरोना काल में काम कर रहे थे लेकिन मेरी नजर में वे खुद को कसौटी पर कस रहे थे, अपने आदर्शों के बीच खुद को तपा रहे थे। आज मैंने जब प्रेजेंटेशन देखा तो मुझे बड़ा अचरज हुआ। आप लॉकडाउन के बीच अभाव और खतरे के बीच लाखों लोगों का सहारा बने। उनके साथी बने, यह बहुत बड़ा काम है। पार्टी कार्यकर्ताओं का यह अदम्य सेवा भाव और संगठन द्वारा ‘सेवा ही संगठन’ को आत्मसात करना मुझे भी नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है। मैं इसके लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करता हूँ।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक ऐसे समय में जब दुनिया में सब अपने आप को बचाने में लगे हों, भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी चिंता छोड़कर खुद को गरीबों-जरूरतमंदों की सेवा में समर्पित कर दिया। यह सेवा का बहुत बड़ा उदाहरण है। कई शहरों में हमारे पार्टी कार्यकर्ता खतरे को जानते हुए भी कार्य करते रहे। ऐसे कई साथियों ने जन-सेवा हेतु अपना बलिदान दिया है। मैं उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि देता हूं एवं उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं उन राज्यों की पार्टी इकाइयों से अनुरोध करता हूं कि वे इन परिवारों को संभालें।
श्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी हर दिन अपने घर से 500 लोगों को खाना पहुंचाने का प्रबंध किया। जिस पार्टी के शीर्ष से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता, सांसद, विधायक सेवा को ही अपना कर्तव्य माने, जीवन मंत्र माने, इसे देख कर हमें गर्व होता है कि हम ऐसे सेवाव्रती संगठन के सदस्य हैं। जन संघ के समय से ही ये सेवा भाव की परंपरा और संस्कार हमारे अंदर आत्मसात हुए। उन्होंने कहा कि जनसंघ और भाजपा के जन्म का मूलतः उद्देश्य ही यही था कि हमारा देश सुखी कैसे बने, समृद्ध कैसे बने। इसी मूल प्रेरणा के साथ, भारतीयता की प्रेरणा के साथ, सेवा की भावना के साथ हम राजनीति में आए। हमने राजनीति में सदैव ही सत्ता को सेवा का माध्यम माना। हमने कभी भी सत्ता को अपने लाभ का माध्यम नहीं बनाया। निःस्वार्थ सेवा ही हमारा संकल्प रहा है और यही हमारे संस्कार रहे हैं। हमें अपने पूर्वगामियों की तपस्या से ये संस्कार मिले हैं। हमारा यह समर्पित जीवन आगे की पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा देगा।
सात ‘स‘ को पार्टी का मूल मंत्र बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें सात ‘स‘ अर्थात् सेवा भाव, संतुलन, संयम, समन्वय, सकारात्मकता, सद्भाव और संवाद की शक्ति को लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पार्टी के 52 अनुसूचित जाति के सांसद, 43 आदिवासी सांसद, 113 से अधिक पिछड़े वर्ग के सांसद और विधानसभाओं में 150 से अधिक विधायक हैं अर्थात् भारतीय जनता पार्टी सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व करती है। इसका यह भी मतलब है कि भारतीय जनता पार्टी हर वर्ग से जुड़ी हुई है और समाज का हर वर्ग हमसे जुड़ा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में ‘स्पर्धाश् का एक गुण भी होता है लेकिन जब एक समान लक्ष्य के साथ समान भाव से सेवा का कार्य किया जाय तो यह संगठन की शक्ति बन जाता है। इससे न केवल संगठन की टीम भावना प्रबल होती है बल्कि व्यक्ति और व्यक्तित्व का भी विकास होता है। इस तरह के सेवा अभियानों से लोगों की मदद तो होती ही है, पार्टी कार्यकर्ताओं को भी समाज को जानने का, नए तरीके से सोचने का अवसर मिलता है। यह पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए एक तरह से प्रशिक्षण का भी काम करता है।
श्री मोदी ने कहा कि भाजपा के सेवा कार्यक्रमों की इतनी बड़ी व्यापकता, इतनी बड़ी विविधता, इतने बड़े स्केल पर, इतने लंबे समय तक सेवा – मुझे लगता है कि यह मानव इतिहास का सबसे बड़ा सेवा यज्ञ है। मुझे पार्टी कार्यकर्ताओं पर पूरा भरोसा है कि वे आने वाले दिनों में भी ऐसे ही जी-जान से लगे रहकर लोगों की मदद का काम करते रहेंगे।
इसके पूर्व उत्तर प्रदेश में संगठन की ओर से लाॅकडाउन के दौरान किये गये सेवा कार्यों पर प्रस्तुतिकरण देते हुए प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि बूथ अध्यक्षों, सेक्टर प्रभारियों, मंडल अध्यक्ष, जिला टीम, क्षेत्रीय टीम, प्रदेश के लोगों और जन प्रतिनिधियों ने अनुकरणीय कार्य किया है।श्री सिंह ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा जरूरतमंदों को #FeedTheNeedy अभियान के तहत 4 करोड़ 32 लाख लोगों को भोजन पैकेट वितरित किया गया, 40 लाख 54 हजार लोगों को राशन किट वितरित किया गया, 92 लाख 44 हजार लोगों को मॉस्क वितरित किया गया तथा पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने साढे आठ लाख से अधिक मास्क तैयार किये ,आरोग्य सेतु, पीएम केयर्स फंड के तहत 2 करोड़ से अधिक लोगों को आरोग्य सेतु एप इंस्टॉल कराया गया तथा लाखों कार्यकर्ताओं ने करोड़ों रुपए पीएम केयर्स फंड में सहयोग कराया तथा स्वयं भी जमा किया ।
श्री सिंह ने बताया कि कोरोना योद्धाओ का सम्मान करते हुए 92745 बूथों पर स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा के लिए लगे 23,5000 कोरोना योद्धाओ को सम्मानित किया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एवं ऑडियो ब्रिज कॉल के माध्यम से संवाद कर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को सेवा कार्य के लिए प्रेरित किया गया। जिसमें 297 वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से 19869 कार्यकर्ता जुड़े तथा 377 ऑडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 154683 कार्यकर्ता जुड़े भाजपा स्थापना दिवस पर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं ने अपने घर पर ध्वजारोहण किया एवं 1 दिन का उपवास भी रखा तथा डॉ बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने घर पर भीम राव अम्बेडकर जी की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की एवं उनके साहित्य का अध्ययन करते हुए सेवा बस्ती में सेवा की विभिन्न कार्य किये।
उन्होंने बूथों पर स्वच्छता और सुरक्षा कार्य मेें पार्टी कार्यकर्ताओं के योगदान और कोरोना योद्धाओं को सम्मानित किये जाने का उल्लेख भी किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के सेवा कार्य से प्रेरित होकर अनेक संगठनों ने राहत कार्य शुरू किया। ऐसे सैकडों उदाहरण हैं। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सुदूर ग्रामीण अंचलों तक राशन, भोजन और सहायता पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि जब राजस्थान, दिल्ली और महाराष्ट्र सरकार की उपेक्षा के कारण झांसी, नोएडा, मथुरा और आगरा की सीमाओं पर लाखों प्रवासी श्रमिक आये तो वहां के कार्यकर्ताओं ने भोजन की व्यवस्था करायी। प्रदेश के 185 स्थानों पर राहत सेवा केन्द्र शुरू किये गए। 10 लाख 33 हजार प्रवासी श्रमिकों को भोजन उपलब्ध कराया गया जबकि 2 लाख मास्क भी प्रवासी श्रमिकों को उपलब्ध कराए गए। प्रवासी श्रमिकों को आवश्यकता अनुसार 47 हजार चप्पल भी उपलब्ध करायी गई। उन्होंने बताया कि इस दौरान मंडल के कार्यकर्ता डिटिजल फ्रेंडली हो गये हैं और अब मंडल की बैठकें वीडियो कांफ्रेंसिंग से हो रही हैं ।
इस अवसर पर पार्टी के राज्य मुख्यालय पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल, सेवा ही संगठन अभियान की समीक्षा के दौरान राज्य मुख्यालय से जुडे। इसके साथ ही प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, गोबिन्द नारायण शुक्ला, विद्यासागर सोनकर, सलिल विश्नोई, प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता, त्रयम्बक त्रिपाठी, संतोष सिंह, वाईपी सिंह, अमर पाल मौर्य, देवेन्द्र चैधरी, प्रदेश प्रवक्ता संजय राय, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
Facebook Comments