पानी सप्लाई में सुधार नहीं हुआ तो जलबोर्ड अध्यक्ष के घर पर पानी कनेक्शन काटा जाएगा
Date posted: 10 July 2021
नई दिल्ली: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने दिल्ली में पानी संकट के लिए केजरीवाल सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए चेतावनी दी है कि अगर अगले 48 घंटों में पानी की सप्लाई में सुधार नहीं हुआ तो भाजपा कार्यकर्ता पानी को लेकर बड़ा जन आंदोलन छेड़ेंगे और जल बोर्ड के अध्यक्ष सत्येन्द्र जैन के निवास का पानी कनेक्शन काट देंगे।
आदेश गुप्ता ने प्रदेश कार्यालय में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी के साथ हुए एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दिल्ली के लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं, ऐसे में मंत्रियों का पानी कटेगा तो उन्हें एहसास होगा कि पानी न मिलने से क्या दिक्कत होती है। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष जयवीर सिंह राणा, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल एवं प्रदेश प्रवक्ता आदित्य झा उपस्थित थे।
आदेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि दिल्ली की कॉलोनियों में पाइप से पानी इसलिए नहीं दिया जा रहा है ताकि टैंकर माफिया फलता-फूलता रहे। टैंकर माफिया को खत्म करने का वादा कर सत्ता में आने वाली केजरीवाल सरकार अब माफियाओं के साथ सांठगांठ कर कमाई में जुट गई है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार की गलत और भ्रष्टाचारी नीतियों के कारण कभी 800 करोड़ रुपये के फायदें में चलने वाले दिल्ली जल बोर्ड को कंगाली के कगार पर ला दिया है। दिल्ली सरकार ने बोर्ड को गत वर्षों में 57 हज़ार करोड़ रुपया दिया है, लेकिन इसमें से 26 हज़ार करोड़ रुपये का कोई हिसाब ही उपलब्ध नहीं है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हर पार्टी और व्यक्ति को अपनी राजनीतिक महत्वकांक्षाओं के लिए काम करने और कही भी जाने का अधिकार है, लेकिन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्रियों का उस दिल्ली की जनता के प्रति पहली जिम्मेदारी है जिसने उन्हें सत्ता तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि आज स्थिति यह है कि दिल्ली के 100 से अधिक इलाकों में लाखों लोग पानी के लिए तरस रहे हैं और अनेक क्षेत्रों में लोग पानी खरीदकर काम चला रहे हैं। ऐसी स्थिति में भाजपा एक मूक दर्शक नहीं बनी रह सकती है और उसके कार्यकर्ता हर क्षेत्र के गली-कूचे में उतरकर केजरीवाल सरकार के खिलाफ आंदोलन चलाएंगे।
नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने गत 7 वर्षों में पानी उत्पादन और वितरण को लेकर जो भी घोषणाएं की वे अब तक शुरु ही नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सीवर साफ कर उत्तर प्रदेश को 140 एम.जी.डी. पानी देने और बदले में मुरादनगर नहर से गंगाजल लेने की योजना का कोई अता-पता नहीं है। सीवर को साफ करने के लिए हैदरपुर और वजीराबाद में संयंत्र बनने थे उनका भी पता नहीं।
रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि केजरीवाल की हिमाचल से पानी लाने की योजना भी कागजों पर कहां गुम है, उसे ढूंढना होगा और रैनी वैल लगने, यमुना के किनारे भूमिगत जलाशय बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में तालाब बनाकर पानी एकत्र कर उसका उपयोग करने की घोषित योजनाओं पर कोई अमल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार आने के समय जो 950 एम.जी.डी. पानी का उत्पादन हो रहा था, उसमें एक भी एम.जी.डी. पानी बढ़ा नहीं जबकि मांग 1250 एम.जी.डी. हो चुकी है। बिधूड़ी ने आरोप लगाया कि दिल्ली में वितरीत जल की गुणवत्ता इतनी खराब है कि लोगों को लीवर, गुर्दे की बिमारियों के साथ कैंसर भी हो रहा है।
Facebook Comments