भारत के पहले ‘व्हाट्सएप्प समाचारपत्र’ की शुरुआत,चुनाव के मद्देनजर बिहार भाजपा की पहल
Date posted: 2 February 2019

पटना। प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों तक प्रतिदिन सुबह सही एवं जरूरी सूचनाएं पहुंचाने के लिए बिहार भाजपा सोशल मीडिया सेल ने लोकसभा चुनाव 2019 के सोशल मीडिया प्रभारी- (बिहार) श्री नरेंद्रनाथ ओझा के नेतृत्व में एक नई पहल की है। पार्टी ने इसके लिए ‘सुप्रभात संदेश’ नाम से भारत के पहले व्हाट्सएप समाचारपत्र की शुरुआत की है। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित कार्यशाला में इसका लोकार्पण संगठन महामंत्री श्री नागेंद्र जी, प्रदेश महामंत्री श्री राजेंद्र सिंह जी, सहसंगठन मंत्री श्री शिवनारायण जी, सोशल मीडिया के केंद्रीय प्रभारी श्री नीरज गौड़ जी, राज्य प्रभारी श्री नरेंद्र नाथ ओझा जी, प्रदेश संयोजक श्री मनीष पांडेय जी और सह संयोजक श्री मनन कृष्ण जी के द्वारा किया गया।
कार्यशाला का आयोजन बिहार भाजपा आईटी सेल ने किया। इसका मकसद लोकसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर बिहार भाजपा की रणनीति और उसमें सोशल मीडिया की भूमिका से कार्यकर्ताओं को अवगत करना था। ग्रे मैटर्स कम्युनिकेशंस के एमडी श्री नवनीत आनंद ने प्रतिभागियों को सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों की बारीकियों से अवगत कराया तथा उनके सवालों के जवाब दिये। सुश्री नैना झा ने सोशल मीडिया सेल के कार्यों जानकारी दी। कार्यशाला में बिहार भाजपा के कुछ अन्य पदाधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न जिलों में जमीनी स्तर पर काम करनेवाले दो सौ से अधिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
Facebook Comments