केजरीवाल सरकार सिर्फ घोषणा करना जानती है काम करना नहीं: आदेश गुप्ता
Date posted: 27 August 2020
नई दिल्ली: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने बयान जारी कर केजरीवाल सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने केजरीवाल सरकार के कामकाज और इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी को लागू करने में की जा रही लापरवाही को उजागर किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रोजाना नई-नई घोषाणएं करके सिर्फ दिल्ली की जनता को गुमराह करने की कोशिश करते रहते हैं। केजरीवाल सरकार सिर्फ घोषणा करना जानती है, जिम्मेदारी से काम करना नहीं।
श्री गुप्ता ने कहा कि 7 अगस्त को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और 21 अगस्त को दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने घोषणा की थी कि दिल्ली में इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी के तहत 2 व्हीलर पर अधिकतम 30 हजार रूपयों, कार पर 1.5 लाख रूपये, ऑटो-रिक्शा, ई-रिक्शा और मालगाड़ी पर 30 हजार रुपए सब्सिडी के तौर पर एक सप्ताह के अंदर अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। इसी तरह की घोषणा दिल्ली सरकार ने दिसंबर 2019 में भी की थी, लेकिन स्थिति वही ढाक के तीन पात वाली रही, क्योंकि आज तक किसी को सब्सिडी नहीं मिली। उन्होंने कहा कि यह घोषणा भी डीटीसी की बसों की संख्या बढ़ाने की घोषणा की तरह है। प्रलोभन के लिए दिल्ली सरकार बार-बार अनेकों घोषणाएं करती है, लेकिन धरातल पर किसी भी योजना पर अमल नहीं किया गया है।
श्री गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार की ट्रांसपोर्ट नीति के तहत एक पहले से ही ई-रिक्शा व मालगाड़ी चालकों को 30 हजार रुपए सब्सिडी दिए जाने का प्रावधान है, लेकिन पिछले 1 साल से लगभग 20 हजार ई-रिक्शा चालकों को 30 हजार रुपए की सब्सिडी नहीं दी जा रही है। चालक दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन केजरीवाल सरकार दोबारा परिवहन नीति इलेक्ट्रिकल व्हीकल पॉलिसी को नोटिफाइ करके एक और सफेद झूठ बोल रही है।
श्री गुप्ता ने कहा कि कोरोना काल में हर कोई आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। ऐसे में केजरीवाल सरकार को बिना देरी किए लगभग 20 हजार ई-रिक्शा चालकों के अकाउंट में सब्सिडी की 30 हजार रुपए की राशि ब्याज सहित ट्रांसफर करनी चाहिए।
Facebook Comments