आराजकता फैलाने वालों के कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है केजरीवाल सरकार

नई दिल्ली: सिंघु बॉर्डर और गाजीपुर बॉर्डर पर आराजक तत्वों द्वारा दोबारा उत्पात मचाए जाने की निंदा करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि आज एक बार फिर से दिल्ली के बॉर्डर पर उपद्रवियों ने दो थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मियों को गंभीर रुप से घायल कर दिया। इसी तरह से 26 जनवरी को भी आराजक तत्वों ने उत्पात मचाया था जिसमें 400 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए थे।

कई पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर बनी हुई है, लेकिन केजरीवाल अभी तक न तो घायल सुरक्षाकर्मियों को देखने गए और न ही इस घटना की निंदा की। यह 400 जवान भी किसी के बेटा-बेटी हैं और दिल्ली के निवासी हैं। अपने को दिल्ली का बेटा कहने वाले केजरीवाल आराजक तत्वों से मुकाबला करने वालों का सम्मान करने की जगह आराजकता फैलाने वालों का सम्मान करना ज्यादा बेहतर समझते हैं। यही कारण है कि जब उपद्रवियों को शांतिप्रिय तरीके से हटाने के लिए पुलिस पहुंची तो केजरीवाल का पूरा अमला उपद्रवियों के साथ खड़ा हो गया।
आदेश गुप्ता ने कहा कि जब पुलिसबल की अपील पर किसान वापस अपने घर जाने लगे तो उपद्रवियों की मदद के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस उनके समर्थन में खड़ी हो गई। केजरीवाल सरकार के उपमुख्यमंत्री, मंत्री और नेता पूरी रात सीमा पर डटे उपद्रवियों के समर्थन में खड़े रहे और उन्हें सुविधा मुहैया कराने में लग गए।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में 26 जनवरी को जो कुछ भी हुआ वह देश ने देखा। जिस तरह से किसान आंदोलन का नाम देकर किसानों को धोखा और देश का अपमान किया गया, वह सभी जान चुके हैं। इन आराजक तत्वों ने 26 जनवरी को दिल्ली में हिंसक आंदोलन कर, लाल किले पर तिरंगे का अपमान कर संवैधानिक व्यवस्थाओं को तार-तार कर दिया।
आदेश गुप्ता ने कहा कि जिस तरह से पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में आराजकता फैलाने का काम आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने किया है, वह पूरी तरह से बेनकाब हो चुका है। राष्ट्रीय झंडे का अपमान करने वालों के साथ केजरीवाल सरकार का खड़ा होना, सिर्फ दिल्ली का ही नहीं बल्कि पूरे देश का अपमान करना है। केजरीवाल के मंत्री रात के अंधेरे में चोरी से पानी पहुंचा रहे हैं और बिजली की कनेक्शन जोड़ रहे हैं और दिन में इनके उपद्रवी तलवार से सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर रहे हैं। जो दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल का असली चेहरा और उनके इरादे को बखूबी बता रहा है।
आदेश गुप्ता ने कहा कि किसानों को मोहरा बनाकर जिस तरह से आराजकता फैलाने वालों का साथ देकर केजरीवाल दिल्ली की जनता को ही नहीं पूरे देश का अपमान कर रहे हैं। केजरीवाल का सिंघु बॉर्डर पर खुद जाकर फ्री वाईफाई उपलब्ध करवाना और पंजाब में जाकर उपद्रवियों के फाइनेन्सर से मिलना, इस बात का प्रमाण है कि आम आदमी पार्टी दिल्ली के अंदर आराजकता का माहौल पैदा करना चाहती थी। दिल्ली सरकार बता चुकी है कि उसकी मानसिकता ही आराजकवादी है और यह आम आदमी पार्टी नहीं बल्कि ‘अरविन्द आराजक पार्टी’ है।

Facebook Comments