बसपा, कांग्रेस, सपा, आप समेत कई दलों के नेता व पूर्व विधायक BJP में शामिल

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर बसपा, कांग्रेस, सपा, आप समेत समाज के विभिन्न वर्गों से जुडे़ लोगों व उनके समर्थकों को भाजपा परिवार में शामिल किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पूर्व में चार बार विधायक रहे बिजनौर के डा. इन्द्रदेव सिंह, संतकबीरनगर के सामाजिक कार्यकर्ता अंकुर राज तिवारी, कांग्रेस से विधानसभा प्रत्याशी रहे हरदोई के ओमेन्द्र कुमार वर्मा, कांग्रेस से नगीना (बिजनौर) के पूर्व विधायक सतीश कुमार, बसपा के पूर्व विधायक जालौन के छोटे सिंह चौहान, बसपा से लखनऊ जोनल कोआर्डिनेटर, पासी समाज के मंडल अध्यक्ष रंजन कुमार चौधरी, बसपा से गोपामऊ (हरदोई) विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी मीना कुमारी, बसपा से पथरदेवा (देवरिया) विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी नीरज कुमार वर्मा, कांग्रेस से कासगंज की नगर पालिका अध्यक्ष शशिलता चौहान, कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अखिल भारतीय जाट सभा सुशील चौधरी, बसपा से पश्चिम के प्रभारी व मेरठ जोनल कोआडिनेटर कुलदीप भाटी, जालौन के वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेश तिवारी, आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गौरक्षा वाहिनी कानपुर के डा. रोहित सक्सेना, बसपा से माधौगढ़ (जालौन) विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी गिरीश अवस्थी, कांग्रेस के राजीव विचारमंच के जिलाध्यक्ष अनुसूचित जाति विभाग कांग्रेस बिजनौर के जिलाध्यक्ष रोहित कुमार रवि तथा प्रधान संघ की अध्यक्ष व ग्राम प्रधान लखनऊ की संयोगिता चौहान को उनके समर्थको सहित भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करायी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेताओं को भाजपा परिवार में शामिल करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सरकारें अनुसूचित, वंचित, शोषित, उपेक्षित वर्ग के सम्मान तथा आर्थिक उन्नति के लिए लगातार कार्य कर रही है। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता का एक ही स्वप्न व एक ही लक्ष्य है कि भारत पुनः विश्वगुरू बनकर विश्व का नेतृत्व करे। उन्होंने कहा कि मां, बहन, बेटियों के सम्मान का संकल्प लेकर  प्रदेश की योगी सरकार ने हर बेटी का सम्मान व सुरक्षा सुनिश्चित की है।

उन्होने भाजपा परिवार में शामिल होने वाले सभी नेताओं और उनके समर्थको का अभिनन्दन करते हुए कहा कि आपके आगमन से भाजपा परिवार का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय के संकल्प के साथ गांव, गरीब, किसान की उन्नति तथा उनकी सेवा का कार्य हम सभी को मिलकर करना है। अंत्योदय ही पार्टी की विचारधारा है, अंत्योदय ही मोदी जी व योगी जी के नेतृत्व की भाजपा सरकारों का लक्ष्य है तथा अंत्योदय ही पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता का कर्तव्य पथ हैं। इस दौरान पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला भी उपस्थित रहे।

Facebook Comments