मोदी 2.0 में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर ने पकड़ी रफ़्तार, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर: राजीव रंजन
Date posted: 6 June 2019
पटना: मोदी सरकार की वापसी से देश का कारोबारी माहौल और बेहतर होने का दावा करते हुए भाजपा प्रवक्ता सह पूर्व विधायक राजीव रंजन ने कहा “ 2014 में सत्ता संभालते ही प्रधानमन्त्री मोदी ने देश को उत्पादन व विनिर्माण का हब बनाने की दिशा में ‘मेक इन इंडिया’ और डिजिटल इंडिया जैसे कई महत्वपूर्ण कदम उठाए थे, जिनके कारण विगत पांच वर्षों में भारत के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में एक क्रांतिकारी बदलाव आया है. अब प्रचंड बहुमत के साथ हुई मोदी सरकार की वापसी से देश के उत्पादन क्षेत्र को नयी मजबूती मिली है.
निवेशकों में एक नए उत्साह का संचार हुआ है, जिसके कारण पहली बार भारत का शेयर बाजार 40 हजार की रिकॉर्ड ऊंचाई के पार जा चुका है. उधोग-धंधो को सरकार के मिले समर्थन का ही नतीजा है कि मैन्युफैक्चरिंग परचेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स यानी पीएमआई में लगातार तेजी देखी जा रही है. मई में जारी आंकड़ो के मुताबिक इस इंडेक्स में भारत 52.7 अंक पर आ गया है, जो अप्रैल में 51.8 अंक पर था.
मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के रफ्तार पकड़ने से इस क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी लगातार बढ़ रहे हैं. एक मासिक सर्वेक्षण के मुताबिक, सामानों के उत्पादकों की संख्या बढ़ने, मांग में वृद्धि के कारण नए ऑर्डर में ठोस बढ़ोत्तरी के कारण इस क्षेत्र में काफी संख्या में नए उधोग स्थापित हो रहे हैं, जिनसे लोगों को लगातार रोजगार मिल रहा है. सर्वे के मुताबिक इस साल फरवरी में संगठित क्षेत्र में रोजगार सृजन एक साल पहले इसी माह के मुकाबले तीन गुना तक बढ़कर 8.61 लाख तक पहुंच चुका है, वहीं कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के मुताबिक फरवरी, 2019 में 22-25 वर्ष आयु वर्ग के2.36 लाख को और 18-21 आयु वर्ग के 2.09 लाख नए युवाओं को रोजगार मिला. आंकड़ों के मुताबिक सितंबर 2017 – फरवरी 2019 के बीच 18महीने के दौरान 80.86 लाख नये रोजगार का सृजन हुआ. दरअसल सरकार की मंशा देसी उधोग-धंधो के जरिए देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त तथा आत्मनिर्भर बनाने की है, जिसमे वह पूरी तरह सफल होती नजर आ रही है.”
Facebook Comments