भाजपा में शामिल हुए आम आदमी पार्टी  के आधा दर्जन से अधिक पदाधिकारी और सैंकड़ों कार्यकर्ता

नई दिल्ली: प्रदेश कार्यालय में आज दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता और नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी की उपस्थिति में आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी और सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने पार्टी का पटका पहनाकर आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों का भाजपा परिवार में स्वागत किया।

आम आदमी पार्टी से निगम के पूर्व प्रत्याशी पवन राई, बदरपुर विधानसभा उपाध्यक्ष व आम आदमी पार्टी केंद्रीय कॉर्डिनेशन टीम की कॉर्डिनेटर ममता रेक्सवाल, वार्ड 95 के अध्यक्ष मनोज साहू, पोलिंग स्टेशन इंचार्ज अहमद राजा, मंडल अध्यक्ष अनवर खान, पोलिंग स्टेशन प्रभारी देव नारायण, कार्यकारी सदस्य महिला विंग पूनम यादव, कार्यकारी सदस्य वसीम खान आदि शामिल हुए। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार, सह-प्रमुख हरिहर रघुवंशी और जिला अध्यक्ष रोहताश बिधूड़ी उपस्थित थे।
प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि यह हमारे लिए हर्ष का विषय है कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की नीतियों और कार्यों से प्रभावित होकर लोग भाजपा परिवार से जुड़ रहे हैं और परिवार का विस्तार हो रहा है। भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जो दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनता की सेवा करने के लिए समर्पित है, यही उद्देश्य लोगों को पार्टी से जुड़ने के लिए प्रेरित करता है। पंडित दीन दयाल उपाध्याय के सिद्धांत एकात्म मानववाद और अंत्योदय पर चलकर भाजपा समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी में जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जाती है और यही कारण है कि आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी से जुड़ रहे हैं, जहां सभी को समान अवसर और सम्मान मिलता है।
आदेश गुप्ता ने कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि हम मिलकर पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूती प्रदान करने की दिशा में और मोदी सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं से समाज के हर वर्ग को जोड़कर उन्हें लाभान्वित करने का कार्य करेंगे। हमें दिल्लीवासियों के बीच आम आदमी पार्टी सरकार की नकारात्मक विचारधार को उजागर करना है और भारतीय जनता पार्टी की सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के संदेश को पहुंचाना है।

Facebook Comments