केजरीवाल के खिलाफ अपराधिक मामला दर्ज होने तक आंदोलन चलेगा: आदेश गुप्ता

नई दिल्ली:  प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि कोरोना के समय जिस तरह से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्रियों ने अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ कर ऑक्सीजन की झूठी कमी का मुद्दा उठाते हुए गंदी राजनीति की उससे कई बेगुनाहों की जान चली गई।  ऐसे में जब तक उनके खिलाफ अपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाएगा तब तक भाजपा धरना प्रदर्शन आंदोलन जारी रखेगी।

जंतर मंतर पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्रियों के खिलाफ ऑक्सीजन की मानव निर्मित कमी दिखाकर कोरोना पीड़ितों की जान लेने के लिए मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी को लेकर भाजपा की ओर से धरना प्रदर्शन किया गया जिसमें दिल्ली के सांसदों, विधायकों और प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस धरना प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी, सांसद श्रीमती मीनाक्षी लेखी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक विजेंद्र गुप्ता, विधायक सर्व अनिल वाजपेयी, मोहन सिंह बिष्ट, अभय वर्मा, ओ पी शर्मा, अजय माहावर एवं जितेंद्र महाजन, प्रदेश भाजपा महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह, कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव बब्बर, प्रदेश उपाध्यक्ष सर्व अशोक गोयल देवराहा, राजन तिवारी, सुनील यादव एवं कर्म सिंह कर्मा, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल, प्रदेश मंत्री सरदार इम्प्रीत सिंह बख्शी एवं नीलम धीमान, प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष श्री वासु रुखड़, प्रदेश भाजपा अनूसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष भूपेन्द्र गोठवाल सहित प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी, सभी जिला अध्यक्ष एवं अन्य मंडल पदाधिकारियों सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
आदेश गुप्ता ने कहा कि कोरोना संकट की दूसरी लहर में जब दिल्ली के लोग मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से काम और सहायता की उम्मीद लगाए हुए थे तब वे पीड़ितों को पीठ दिखाकर गायब हो गए थे। केंद्र सरकार की ओर से पहले से ही मिली चेतावनी के बावजूद केजरीवाल ने यहां के स्वास्थ्य ढांचे को ठीक करने का काम नहीं किया और ऑक्सीजन की कमी से निपटने के लिए किसी भी प्रकार के स्टोरेज का भी इंतजाम नहीं किया। उन्होंने कहा कि जरूरत के वक्त सहायता करने की जगह केजरीवाल ने लोगों के अंदर भय और भ्रम फैलाने का काम किया और खराब परिस्थितियों के लिए केंद्र सरकार पर दोष मढ़ते हुए अपने बचाव में विज्ञापन देना शुरू कर दिया।
आदेश गुप्ता ने कहा कि जिस तरह दिल्ली की बिगड़ती हालत को छोड़ केजरीवाल गायब हो गए, ऐसी स्थिति में भाजपा भी मुक दर्शक बनी रह सकती थी। ऑक्सीजन, रोटी-पानी और स्वास्थ्य सेवाएं देना राज्य सरकार का काम है लेकिन “सेवा ही संगठन“ के तहत हमारे हजारों कार्यकर्ता जनसेवा में जुट गए और सभी की हर सम्भव मदद की।
श्री गुप्ता ने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार ने काम के समय ना ही सिर्फ लोगों को पीठ दिखाई है बल्कि जब कोरोना के मामले कम हो गए तो “हेल्प लाइन“ नम्बर जारी कर लोगों के जले पर नमक छिड़कने का काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का आंदोलन केजरीवाल पर आपराधिक मामला दर्ज होने और उनकी गिरफ्तारी तक जारी रहेगा।
नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि विश्व में दिल्ली ही एकमात्र ऐसा राज्य था जहां कोरोना काल में हर स्तर पर जर्जर स्वास्थ्य व्यवस्था, दवाओं की कमी के साथ ऑक्सीजन की कमी होने के बावजूद यहां के “राजा“ केजरीवाल वल्र्ड क्लास सुविधाओं का दावा करते रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दिल्ली सरकार पर कोरोना संकट के समय विफलता के जो भी आरोप लगाए वे सभी अब सिद्ध हो गए हैं। दिल्ली के बड़े अस्पतालों के प्रबंधको ने ऑक्सीजन न मिलने के लिए दिल्ली सरकार को दोषी ठहराया था जिस पर अब न्यायालय की समिति की मोहर लग गई है।
सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि राष्ट्रव्यापी कोरोना संकट के समय दिल्ली सरकार पहली ऐसी सरकार है जिसके मुखिया अरविंद केजरीवाल संकट से निपटने के बजाय अपने मंत्रियों के साथ इसे बढ़ाने में लगे थे। उन्होंने कहा कि केजरीवाल और उनके मंत्री ऑक्सीजन की कमी की जरूरत से 4 गुना ज्यादा मांग कर पूरे दिल्ली में भय और भ्रम का वातावरण बना दिया जिससे सबका बड़ा नुकसान हुआ।
उन्होंने कहा कि ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जन सेवा के कामों में आगे बढ़कर के अस्पतालों के अंदर और बाहर खाना देने, घरों में हर तरह की मदद पहुंचाने, दवा एवं अन्य स्वास्थ्य उपकरण देकर जो मदद की वो सबने देखी है।
सांसद मीनाक्षी लेखी ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल संकट काल में सिर्फ राजनीति करने में जुटे रहे। ऑक्सीजन की कमी से लेकर अपनी नाकामी को छुपाने के लिए उन्होंने षड्यंत्र रचा जिससे दिल्ली का माहौल और खराब हुआ। ऐसी ही स्थिति उन्होंने वैक्सीन को लेकर भी पैदा किया जिससे स्पष्ट है कि आम आदमी पार्टी की सरकार आम जन के लिए कम और अपने खास लोगों के लिए ज्यादा काम करती है।

Facebook Comments