नगर निगम दस मिनट नहीं ब्लकि चौबीसों घंटे काम करती है: आदेश गुप्ता
Date posted: 25 August 2020

नई दिल्ली: दिल्ली के तीनों निगमों के जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा डेंगू, मलेरिया एवं चिकनगुनिया मुक्त महा अभियान शुरू किया गया जिसके तहत इन जानलेवा बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक किया जाएगा और फॉगिंग की जाएगी। इस अभियान के अंतर्गत आज उत्तरी नगर निगम में वेस्ट पटेल नगर वार्ड में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने बीमारियों से बचाव हेतु फॉगिंग की।
आदेश गुप्ता ने सिविक सेंटर में आज दक्षिणी दिल्ली नगर निगम द्वारा चलाए जाने वाले डेंगू, मलेरिया एवं चिकनगुनिया मुक्त महाअभियान की शुरुआत की और पावर स्प्रे टैंकर, फॉगिंग मशीन और थ्री व्हीलर माउंटेड विद पीए सिस्टम को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर दक्षिणी दिल्ली नगर निगम महापौर अनामिका मिथिलेश, स्थाई समिति अध्यक्ष राजदत्त गहलोत, नेता सदन नरेंद्र चावला, उप महापौर सुभाष भड़ाना, स्थाई समिति उपाध्यक्ष तुलसी जोशी, स्थाई समिति की पूर्व अध्यक्ष शिखा राय सहित निगम पार्षद व पदाधिकारी उपस्थित थे।
आदेश गुप्ता ने इस महा अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि बारिश के बाद मच्छरों के जरिए कई तरह की संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा होता है। इसलिए नगर निगम के जितने भी डीबीसी वर्कर हैं वे हर घर और उसके आस पास मच्छरों की प्रजनन की जांच, फागिंग, एंटी लार्वा स्प्रे करेंगे। उन्होंने बताया कि नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी घर-घर जाकर वहां की परिस्थितियों की सभी जानकारी लिखित में एसेसमेंट फॉर्म के जरिए लेंगे। आरडब्ल्यूए के साथ निगम पार्षद जागरूकता अभियान चलाएंगे और निवासियों को डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया से बचाव हेतु जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम दिल्ली के लोगों के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं और इसीलिए इस महा अभियान की शुरुआत की गई है।
श्री गुप्ता ने कहा कि नगर निगम दस मिनट नहीं बल्कि चैबीसों घंटे काम करती है और जिस मुस्तैदी के साथ दिल्ली नगर निगम काम कर रही है वह बधाई के पात्र हैं। दिल्ली नगर निगम के साथ मिलकर दिल्ली के लोगों को स्वस्थ और सुरक्षित रखने के लिए दिल्ली भाजपा कटिबद्ध है और हमने मिलकर दिल्ली को डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया से मुक्त करने का जो संकल्प लिया है उसे पूरा करेंगे। मेरी दिल्ली के लोगों से अपील है कि वह भी इस महा अभियान में हमारा सहयोग करें और बीमारियों से बचने के लिए अपने घरों के आसपास सफाई रखें, वहां गंदा पानी जमा न होने दें।
Facebook Comments