अब किसी गुंडे की हिम्मत नहीं कि वो किसी बेटी की स्कूटी रोक लें: स्वतंत्र देव

लखनऊ:  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह आज इटावा के भरथना विधानसभा के कस्बा बकेवर में आयोजित किसान महासम्मेलन कार्यक्रम में बतौर मुख्यअतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के ’प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने विशाल जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि सपा-बसपा की सरकार में गुंडागर्दी एवं भ्रष्टाचार चरम पर था। गुंडे माफियाओं एवं भ्रष्टाचार करने वालों को सपा-बसपा के नेताओं का हमेशा संरक्षण मिलता रहा। आज पश्चिमी यूपी में अब किसी गुंडे की हिम्मत नहीं कि वो किसी बेटी की स्कूटी रोक लें। क्योंकि भाजपा सरकार में वो जानता है अगर उसने ऐसी हिमाकत की तो अगले ही पल सलाखों के पीछे होगा।
उन्होंने कहा कि सैफई खानदान ने राज्य को लूट लिया। उन्होंने किसानों का आह्वान किया कि षडयंत्र चल रहा है सावधान रहें। वंशवाद, क्षेत्रवाद, जातिवाद से लड़ना है। उन्होंने कहा कि आज हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में और प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश में चारों तरफ विकास की गंगा बह रही है। सपा और बसपा सरकारों में चीनीं मिलें बेचीं जाती थी पर आज उत्तर प्रदेश में चीनीं मिलों का आधुनिकीकरण हो रहा है और उनकी पुर्नस्थापना हो रही है। आज किसी भी गन्ना किसान को गन्ने की पर्ची लेने के लिए किसी के सिफारिस की जरूरत नहीं पड़ती। उनका भुगतान भी सीधे उनकेे खातों में भेज दिया जाता है। आज हर 10 किलोमीटर पर किसानों के लिए क्रय केंद्र है। मौजूदा सरकार में पिछली सरकारों की अपेक्षा लगभग दोगुने से ज्यादा की खरीदकर उत्तर प्रदेश में रिकार्ड कायम किया है। और उसका भुगतान भी 72 घंटे के अंदर करके दिखाया है। श्री सिंह ने कहा कि 46-46 वर्षों  से लंबित सिंचाई परियोजनाएं  जैसे बाणसागर परियोजना, अर्जुन परियोजना और सरयू नहर परियोजना उसको योगी सरकार ने पूरा किया और जिसका उद्घाटन माननीय प्रधानमंत्री जी ने किया इससे हमारे किसान भाइयों को सिंचाई की समस्याएं दूर होंगी। आज प्रदेश में भयमुक्त माहौल कायम है। बहू-बेटियां बिना किसी डर के रात में भी कहीं भी जा सकती है। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कुशल नेतृत्व में आज उत्तर प्रदेश गन्ना, चीनी, दुग्ध उत्पादन में देश में नम्बर वन है। आज गांव में भी 18 से 20 घंटे बिजली उपलब्ध है। गरीबों को चाहे मुफ्त राशन देना हो या मिशन बनाकर जन-जन को कोरोना की मुफ्त वैक्सीन लगवाना उत्तर प्रदेश सरकार की कुशल नेतृत्व का ही नतीजा है। आज उत्तर प्रदेश में  चारों तरफ खुशहाली का माहौल है, इसलिए भाजपा सरकार का लौटना जरूरी है। उन्होंने कहा कि फिर से प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने में सहयोग करें।

Facebook Comments