एक राष्ट्र एक चुनाव देश के लिए आवश्यक है: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता 

नई दिल्ली: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आज देश में चुनाव सुधार की आवश्यकता पर अटल बिहारी वाजपेयी फाउंडेशन के द्वारा आयोजित एक वेबिनार को संबोधित करते हुए कहा कि समय आ गया है कि देश में एक राष्ट्र एक चुनाव की कल्पना को क्रियान्वित किया जाए। इसके अंतर्गत पूरे देश में लोकसभा एवं विधानसभाओं का चुनाव एक साथ होगा जिससे चुनाव व्यवस्था में अमूल चूल परिवर्तन आयेगा, चुनाव खर्च कम होगा और लोकतंत्र अधिक स्वस्थ होगा।

आज देश में हर वर्ष दो-चार विधानसभाओं के चुनाव होते रहते हैं जिस दौरान होने वाले चुनाव प्रतिबंधों के कारण विकास प्रकिया भी बाधित होती है, जो संवैधानिक आवश्यकता तो हो सकती है पर देश के विकास हित में उचित नहीं है। पूर्व राष्ट्रपति स्व. प्रणब मुखर्जी ने भी एक राष्ट्र एक चुनाव पहल का समर्थन किया था।
आदेश गुप्ता ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने 2014 में सत्ता में आने के बाद एक राष्ट्र एक चुनाव की पद्धति का जिक्र किया था और इस पर बहस आवश्यक हो गई है। अनेक पश्चिमी देशों में यह पद्धति लागू है और इसके सफल परिणाम सामने आए हैं। आधुनिक समय में भारत ही नहीं वैश्विक स्तर पर चुनाव सुधार की बात चल रही है। वर्तमान चुनावी प्रणाली की खामियों को ’एक राष्ट्र-एक चुनाव’ के प्रस्ताव से दूर करने की संभावना है। एक साथ चुनाव मौजूदा निर्वाचन प्रणाली का सुगम विकल्प है। कुछ साल और महीनों के अंतराल में होने वाले चुनावों को यदि पूरे देश में एक साथ कराया जाए तो चुनाव में होने वाले खर्च और उपयोग किए जाने वाले संसाधनों को कम किया जा सकता है। एक मतदाता एक ही दिन लोकसभा और राज्य विधानसभा सदस्यों को चुनने के लिए अपना मत दे सकेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उदहारण के तौर पर आज स्वीडन, दक्षिण अफ्रीका, बेल्जियम, और इटली ’एक चुनाव’ के आयोजन के सकारात्मक निहितार्थ को प्रदर्शित करते हैं। इस प्रस्तावित चुनावी प्रणाली के माध्यम से देश अपने (अतिरिक्त) चुनाव व्यय को कम करने, राष्ट्रीय पहचान को मजबूत करने, संविधानिक प्रक्रिया एवं राज्य प्रशासन को स्थिर करने और सार्वजानिक जीवन में हो रहे निरंतर विघटन को कम करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी की देश के समग्र विकास एवं लोकतंत्र के हित में यह आवश्यक है की एक राष्ट्र एक चुनाव पर चर्चा हो और इसको शीघ्र देश में लागू किया जाए।

Facebook Comments