विनाशकाले विपरीत बुद्धि’ सरीखी है विपक्ष की हालत: राजीव रंजन
Date posted: 30 April 2020
पटना: विपक्षी दलों पर करारा हमला करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव रंजन ने कहा “ कोरोना महामारी के बीच दुनिया के सभी देशों में जहाँ विपक्षी दलों में सरकार के साथ एकजुटता दिखाने की होड़ लगी है, वहीं भारत में इसका उल्टा हो रहा है. भारत दुनिया का ऐसा इकलौता मुल्क बन गया है, जहाँ के विपक्षी दल लोगों के जान पर बने खतरे को भी राजनीतिक अवसर के तौर पर देख रहे हैं.
राजद, कांग्रेस समेत तमाम दलों को यह पच ही नहीं रहा है कि इनके तमाम प्रयासों के बावजूद भारत में स्थिति नियन्त्रण में कैसे हैं. दोनों दलों के युवराज बिहार से बाहर कहीं दूर अपने-अपने सुरक्षित ठिकानों पर आराम फरमाते हुए, सोशल मीडिया से भय और भ्रम का वातावरण बनाने की भरपूर कोशिश कर रहे हैं. न तो इनसे जनसेवा का कोई काम हो रहा है और न ही यह अपने किसी नेता को सरकार के कामों में सपोर्ट करने दे रहे हैं. हकीकत में अनुभवहीनता और अहंकार के कारण विपक्ष के इन युवराजों की हालत ‘विनाशकाले विपरीत बुद्धि’ सरीखी हो गयी है. जनसेवा को छोड़कर वह यह सारे काम कर रहे हैं, जिससे इनकी साख और इनकी पार्टी दोनों का भट्ठा बैठ रहा है. इनकी राजनीति देख ऐसा प्रतीत होता है कि इन्होनें अपनी पार्टी को डुबोने की कसम खा ली है.
जनता से कटे होने के कारण, इन्हें यह समझ में ही नहीं आ रहा है कि कोरोना संकट में इस तरह के आचरण से जनता के सामने इनका बचा-खुचा भेद भी पूरी तरह खुल चुका है. पूरे बिहार में किसी भी गांव में जाएं तो लोग इन दलों को पानी पी-पी कर कोसते दिखेंगे. इनके जमीनी कार्यकर्ताओं के लिए अपने नेताओं का बचाव करना तक असंभव हो चुका है. भाजपा के नेताओं को जनसेवा में देख कर लोग अब विपक्ष के कार्यकर्ताओं से उनके युवराजों का पता-ठिकाना पूछने लगे हैं, जिसके कारण इन्हें मुंह छिपा कर निकलना पड़ रहा है. इन युवराजों को हमारी सलाह है कि वक्त रहते, अपनी राजनीति में परिवर्तन ले आयें, नहीं तो वोट मांगते वक्त जनता के सवालों का सामना करने के लिए तैयार रहें.”
Facebook Comments