डॉक्टरों के हड़ताल पर जाने से हिंदूराव अस्पताल में मरीज परेशान

नई दिल्ली:  दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता के निर्देश पर आज उत्तरी दिल्ली नगर निगम महापौर जय प्रकाश ने हिंदू राव अस्पताल के डॉक्टरों जो हड़ताल पर बैठे हैं, उनसे मुलाकात कर हड़ताल खत्म करने का आग्रह किया। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए दिल्ली भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार ने बताया कि महापौर जय प्रकाश की हड़ताल पर बैठे डॉक्टरों से वेतन के संदर्भ में लंबी चर्चा हुई और महापौर ने डॉक्टरों को आश्वस्त किया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम जल्द से जल्द उनके वेतन देने की व्यवस्था करने की कोशिश कर रही है।

नवीन कुमार ने बताया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता के नेतृत्व मे तीनों नगर निगम बकाए फंड की भुगतान के केजरीवाल सरकार से जो लड़ाई लड़ रही है उसे हिंदूराव अस्पताल के डॉक्टर भी समझते है और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के सफाईकर्मी भाई-बहनों के परिवार भी समझते है। डॉक्टरों के हड़ताल पर जाने से हिंदूराव अस्पताल में आने वाले गरीब परिवारों के मरीज परेशान है इसलिए महापौर जय प्रकाश ने डॉक्टरों से निवेदन किया कि वह अस्पताल आकर फिर से काम को संभाले।
नवीन कुमार ने बताया कि दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने निगमों के बकाए फंड को जारी करने के लिए दिल्ली सरकार को पत्र भी लिखा और महीनों से तीनों नगर निगम दिल्ली सरकार से अपने हक का पैसा मांग रहे हैं, लेकिन दिल्ली सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष दिल्ली सरकार को सवा सौ करोड़ ज्यादा का मुनाफा हुआ है लेकिन फिर भी निगम का मौजूदा बकाया बजट भी नहीं दे रही है। न तो दिल्ली सरकार अपने द्वारा वित्त पोषित कॉलेजों के शिक्षण और गैर शिक्षक कर्मचारियों को वेतन दे रही है, न ही पूर्वी दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मियों को वेतन देने के लिए पैसा दे रही है और अब उत्तरी दिल्ली नगर निगम का फंड रोककर डॉक्टरों को तंग कर रही हैं, लेकिन अपनी पब्लिसिटी के लिए करोड़ों खर्च कर रहे हैं। प्रचार-प्रसार के लिए केजरीवाल सरकार को तख्तियां और पोस्टर को लेकर सड़कों पर भारे के लोगों को खड़े करना मंजूर, लेकिन नगर निगमों के बकाए फंड का भुगतान करना मंजूर नहीं है।
नवीन कुमार ने कहा कि इस बात से कोई भी दिल्लीवासी अछूता नहीं है कि भाजपा शासित नगर निगमों को नीचा दिखाने और बदनाम करने के लिए जानबूझकर केजरीवाल सरकार आम लोगों और नगर निगम के कर्मचारियों को प्रताड़ित कर रही है। पर्व-त्यौहार के समय में दिल्ली सरकार को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए थी, लेकिन अपने अड़ियल रवैए के कारण वो दिल्ली की जनता को भी परेशान करने में संकोच नहीं कर रही है। यदि केजरीवाल सरकार दिल्ली वालो और निगम कर्मियों का उत्पीड़न करना बंद नही करेगी तो तीनों निगम और प्रदेश भाजपा को व्यापक जन आंदोलन चलाने पर विवश होना पड़ेगा।

Facebook Comments