श्याम जाजू सहित वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दिल्ली जनसंवाद रैली को किया संबोधित

नई दिल्ली:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार के द्वितीय कार्यकाल के प्रथम वर्ष की उपलब्धियों और विकास यात्रा पर विस्तार से चर्चा करते हुए आज भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व दिल्ली प्रभारी श्याम जाजू ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आर के पुरम विधानसभा क्षेत्र की दिल्ली जनसंवाद रैली को संबोधित किया। इसी क्रम में दिल्ली भाजपा सह- प्रभारी तरुण चुघ ने हरि नगर, राष्ट्रीय मंत्री महेश गिरी ने सुलतानपुर माजरा, प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने महरौली, प्रदेश महामंत्री रविंद्र गुप्ता ने शकूर बस्ती, प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव बब्बर ने कोंडली, दिल्ली भाजपा प्रशिक्षण विभाग प्रमुख हर्ष मल्होत्रा ने सीमापुरी विधानसभा क्षेत्रों की दिल्ली जनसंवाद रैली को संबोधित किया।

श्याम जाजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार ने लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत किया है। मोदी के नेतृत्व में देश बहुत तीव्र गति से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। जब 2019 मोदी जी की सरकार आई और अमित शाह देश के गृह मंत्री बनें तो सबसे पहला काम अनुच्छेद 370 को हटाने का फैसला था। जिस तरह की समस्याओं का समाधान पिछले 1 वर्षों में हुआ है उसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी, चाहे तीन तलाक से मुस्लिम महिलाओं को मुक्ति देना हो, नागरिकता संशोधन कानून को लागू करवाना हो, या फिर हमारे आस्था के प्रतीक श्री राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करना हो। कई जन कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर लागू किया गया जिसका लाभ समाज के अंतिम वर्ग के व्यक्ति को भी मिल रहा है।
कोविड-19 के खिलाफ निर्णायक लड़ाई के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना करते हुए जाजू ने कहा कि कोरोना से भारत में संक्रमण और मृत्यु दर अन्य देशों की तुलना में बहुत कम है, जो कि मोदी सरकार की नीति की वजह से ही है। कोरोना काल में मोदी सरकार ने 20 लाख करोड़ रुपए की आत्मनिर्भर भारत अभियान और 1 लाख 7 हजार करोड़ रुपए की गरीब कल्याण योजना के माध्यम से देश के विकास को एक नई दिशा और दृष्टि दी। उन्होंने कहा कि मोदी जी के आह्वान पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जहां कम, वहां हम की नीति पर काम करते हुए लॉक डाउन की अवधि में हर जरूरतमंद को मदद पहुंचाई है। हमें पूरा विश्वास है कि हम मिलकर दिल्ली के लोगों में कोरोना संक्रमण को लेकर जो डर और भय का माहौल है उसे समाप्त करने में सफल होंगे। दिल्ली भाजपा ने जन सेवा के कार्यों को सदैव सर्वोपरि रखा है और यह कार्य संकट के समय में भी निरंतर जारी है।
केजरीवाल सरकार पर हमला बोलते हुए जाजू ने कहा कि जब दिल्ली के लोग इलाज और टेस्टिंग के लिए दर-दर भटक रहे थे तब केजरीवाल प्रेस कॉन्फ्रेंस में व्यस्त थे। अब जब दिल्ली के लोगों को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रखने की कमान माननीय गृह मंत्री अमित शाह जी ने संभाली है तो केजरीवाल एंड टीम में क्रेडिट लेने की होड़ में लग गई है। उन्होंने कहा कि आज समय पर मरीजों को बेड उपलब्ध हो रहा है, टेस्टिंग के रेट आधे हो गए हैं, प्राइवेट अस्पतालों में भी इलाज के दाम फिक्स हो गए हैं, कंटेनमेंट जोन के घरों की मैपिंग निरंतर जारी है, कुल मिलाकर माननीय गृह मंत्री जी के प्रयासों से आज दिल्ली के लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं क्योंकि उन्हें सभी प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा रही है। गृह राज्यमंत्री स्वयं ग्राउंड पर स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। केजरीवाल सरकार को मैं कहना चाहूंगा कि यह क्रेडिट की लड़ाई नहीं है बल्कि दिल्ली के लोगों की सुरक्षा और सेवा का सवाल है और मोदी सरकार के लिए लोगों की सुरक्षा प्राथमिक है।

Facebook Comments