दिल्ली प्रदेश पूर्वांचल मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सम्पन्न

नई दिल्ली:  दिल्ली प्रदेश भाजपा पूर्वांचल मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक अध्यक्ष कौशल मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का उद्घाटन दीप प्रज्वलन से प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने किया। बैठक को चार सत्रों में बांटा गया था। प्रथम सत्र को प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, द्वितीय सत्र को आई टी एवं सोशल मीडिया प्रभारी विनीत गोयनका, तृतीय सत्र में मोर्चे के एक साल की उपलब्धियों व राजनैतिक व शोक प्रस्ताव महामंत्री संतोष ओझा व संजीव झा और अंतिम सत्र को प्रदेश महामंत्री संगठन सिद्धार्थन ने संबोधित किया।

पूर्वांचल प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिका ठाकुर, सूर्यभान पांडे, प्रदेश उपाध्यक्ष सोनिया सिन्हा, प्रदेश मंत्री एस राहुल सहित मोर्चा पदाधिकारी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, जिला अध्यक्ष एवं महामंत्री उपस्थित रहे। महामंत्री निर्मल मिश्रा ने संचालन किया। अध्यक्ष कौशल मिश्रा व महामंत्री संतोष ओझा द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव एवं शोक संदेश भी पारित किया गया ।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि पूर्वांचल मोर्चा आज दिल्ली के जन-जन की आवाज बन चुका है। इस समाज के महापुरुषों ने जो खुशबू बिखेरी है वह आज पूरे विश्व में प्रकाशमान है। दिल्ली में पूर्वांचल समाज के लोग बहुत बड़ी ताकत में हैं। इन सब को एक सूत्र में पिरोना पूर्वांचल मोर्चा की की जिम्मेदारी है। उन्होंने आगे कहा कि पूर्वांचल मोर्चा के लोग अपने समाज के पूर्वजों संस्कृति और धरोहरों से जुड़े है इसीलिए आज संपूर्ण विश्व में पूर्वांचल के लोगों का सम्मान मिलता है। पूर्वांचल मोर्चा सिर्फ एक मोर्चा नहीं बल्कि दिल्ली के जन-जन की आवाज है। मुझे पूरा विश्वास है कि पूर्वांचल की मिट्टी की ताकत और मेहनत की खुशबू भाजपा को और अधिक मजबूत करेगी।
महामंत्री संगठन सिद्धार्थन ने कार्यकर्ताओं के चरित्र निर्माण पर बल दिया और उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का धैर्य ,सहनशीलता, अनुशासन, सकारात्मक सोच आभूषण होता है। पार्टी को खड़ा करने में असंख्य कार्यकर्ताओं ने बलिदान दिया है। हमारे बहुत सारे कार्यकर्ता वरिष्ठ हैं इनका सम्मान करना सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है।
उन्होंने आगे कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास और उसकी विचारधारा का अध्ययन करना चाहिए और अंत्योदय, एकात्म मानववाद के सिद्धांत को अपने जीवन में उतारना चाहिए।

Facebook Comments