प्रतिभा सम्मान समारोह में 10वीं और 12वीं में उत्तीर्ण छात्र-छात्रा सम्मानित
Date posted: 9 August 2020

नई दिल्ली: शाहदरा के स्वामी अमरदेव गौशाला में दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा की ओर आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने दसवीं और बारहवीं में उत्तीर्ण हुए छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया और भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर पूर्वी दिल्ली नगर निगम के महापौर निर्मल जैन, दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष सुनील यादव, उपाध्यक्ष राम खिलाड़ी यादव, जिला अध्यक्ष राम किशोर शर्मा, निगम पार्षद संजय गोयल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष दीपक बंसल, गुंजन गुप्ता सहित जिले और मंडल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
आदेश गुप्ता ने कहा कि आधुनिक युग में समाज को शिक्षा और आर्थिक रूप से मजबूत होना अति आवश्यक है। छात्र-छात्राओं को भविष्य में सफलता मिले, इसकी कामना करते हुए उन्होंने कहा कि व्यक्तित्व विकास को कोई नहीं रोक सकता, बस लक्ष्य बनाकर पढ़ाई करें सफलता अवश्य मिलेगी। छात्र-छात्राओं की सफलता में माता-पिता और गुरु का बहुत बड़ा योगदान होता है और इसी का परिणाम आज हम यहां देख रहे हैं और छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपने लक्ष्य की प्राप्ति के पथ पर चलते हुए जीवन में कभी भी असफलता मिलने पर निराश नहीं होना चाहिए। सभी के जीवन में एक समय ऐसा आता है जब सभी चीजें आपके विरोध में हो रहीं हों और हर तरफ से निराशा मिल रही हो। इतिहास में भी कई ऐसे व्यक्तियों के उदाहरण है जो जीवन में सफल होने से पहले कई बार विफल हुए पर उन्होंने अपने प्रयासों को जारी रखा। वास्तविकता में असफलता ही इंसान को सफल होने का मार्ग दिखाता है। अगर किसी काम में असफल हो भी गए हो तो क्या हुआ ये अंत तो नहीं है ना, फिर से कोशिश करो क्योंकि कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।
श्री गुप्ता ने कहा कि अगस्त का महीना बहुत ही पवित्र है इस महीने में 15 अगस्त भी आता है जब हम स्वतंत्रता दिवस मनाते हैं। देश को स्वछता मुक्त भारत बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंदगी भारत छोड़ो का नया नारा दिया है। मोदी जी ने स्वच्छता अभियान प्रत्येक देशवासी को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाई गई नई शिक्षा नीति के जरिए भी छात्र-छात्राएं न केवल डॉक्टर, इंजीनियर या शिक्षक बनेंगे बल्कि एक अच्छे नागरिक भी बनेंगे और देश के विकास में अपना योगदान देंगे। भारत का हर नागरिक शिक्षित, सशक्त होगा तभी हम मजबूत, सशक्त देश बनेंगे और विश्व शक्ति के रूप में उभरेंगे। युवा देश के भविष्य हैं, इनका आत्मविश्वास राष्ट्र को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
Facebook Comments