सुनील बंसल ने शिक्षक, प्रोफेसर व समाज के अन्य क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन के साथ किया संवाद

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने राजधानी लखनऊ के क्राइस्टचर्च कालेज परिसर में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन के तहत शिक्षक, प्रोफेसर, इंजीनियर, डॉक्टर, साहित्यकार व समाज के अन्य क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन के साथ संवाद किया।
प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने प्रबुद्ध वर्ग से संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश में 17 करोड़ सदस्यों के साथ विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनने का सौभाग्य प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा को मिला है। 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से आज तक निरंतर भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे देश में संगठन के विस्तार के साथ ही साथ अनेक प्रदेशों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। संगठन की दृष्टि से तथा राजनीतिक दृष्टि से मोदी जी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में पूरे देश में आज सिर्फ भारतीय जनता पार्टी दिखाई देती है। उत्तर प्रदेश में भी आज हम सबसे बड़ी पार्टी है। मोदी जी के नेतृत्व में आज देश के हर क्षेत्र में जो विकास की दिशा में जो परिवर्तन दिखाई देता है, उसने दुनिया में भारत की एक अलग पहचान बनाई है। आज दुनिया के सारे देश भारत से दोस्ती करना चाहते हैं। पूरी दुनिया में भारत की धाक बन रही है। दुनिया में भारत की तस्वीर बदली है। देश के प्रधानमंत्री स्वच्छता अभियान को लेकर हाथ में स्वयं झाड़ू लेकर देश की स्वच्छता के लिए कार्य करते हैं। हमने ऐसा पहले कभी नहीं देखा। उन्होने कहा कि मोदी अमेरिका में भी वंदे मातरम का नारा लगाते हैं जिसे देखकर पूरी दुनिया में रह रहे भारत वासियों को गर्व की अनुभूति होती है। प्रधानमंत्री सैनिकों के साथ होली दिवाली मनाते हैं, काशी के दर्शन के बाद रुद्राक्ष की माला धारण करते और टीका लगाते देखा है। यह बदला हुआ भारत है।

उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नए भारत की परिकल्पना व समाज के हर वर्ग की अपेक्षाओं के अनुसार एक आधुनिक व सुपर पावर के सपने को साकार करते हुए समाज के हर वर्ग की उन्नति के लिए कार्य कर रहे हैं और रचनात्मकता के आधार पर विश्व कल्याण के लिए सुपर पावर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक पं॰ दीनदयाल जी के अनुसार समाज के अंतिम पंक्ति पर खड़े हर व्यक्ति का विकास शुरू होगा तो मान लिया जाएगा कि देश का विकास शुरू हो रहा है और आज मोदी जी के नेतृत्व में वह परिकल्पना साकार होती दिख रही है। सबको समान अवसर, समान सुविधाएं प्राप्त हो ऐसे नये भारत का निर्माण हो रहा है।

सुनील बंसल ने कहा कि मोदी का नारा है कि सबका साथ-सबका विकास व सबका विश्वास के साथ एक बात और जोड़ी है कि सब का प्रयास भी चाहिए।  इस मूल मंत्र के साथ ही भारत को आगे बढ़ना है केवल सरकार के माध्यम से देश आगे नहीं बढ़ेगा बल्कि हम सभी 125 करोड़ देशवासियों को मिलकर एक विश्वास रखते हुए मिलकर एक साथ आगे बढ़ेंगे और सब के प्रयास से हम एक नए सुपर पावर इंडिया बनाने में सफल होंगे।

प्रदेश महामंत्री संगठन ने कहा कि प्रदेश में योगी के नेतृत्व में आए बदलाव को सभी ने महसूस किया है । पहले पूरे देश में जब चर्चा होती थी तो उत्तर प्रदेश बढ़ते हुए अपराध, माफिया राज व भ्रष्टाचार के लिए जाना जाता था पर आज साढे़ 4 साल की सरकार के बाद अपराध पर अंकुश लगा है, माफियाओं पर अंकुश लगा है, वह या तो जेल के अंदर हैं या प्रदेश से बाहर। प्रदेश के अंदर विकास बढ़ रहा है उसका एक बड़ा कारण है कि अपराधियों पर लगाम लगी है जिसके कारण आज प्रदेश में उद्योग स्थापित हो रहे हैं। प्रदेश में आज भ्रष्टाचार मुक्त व पारदर्शिता के साथ कार्य करने वाली सरकार की छवि बनी है। प्रदेश के संकल्प पत्र में घोषित सभी कार्यों को हमारी सरकार ने पूरा किया है।

उन्होने कहा कि प्रदेश में आज चार लाख नौकरियां योग्यता-पात्रता के आधार पर बिना किसी जाति भेदभाव के आधार पर पारदर्शिता के साथ प्रदान की गई हैं। 4 साल के अंदर 26 मेडिकल कॉलेज बनाने का कार्य पूरा किया गया है। आज देश में उत्तर प्रदेश की छवि बदली है और प्रदेश आवास, शौचालय बनाने में, बिजली कनेक्शन प्रदान करने में और अन्य विकास योजनाओं के आधार पर पहले या दूसरे स्थान पर गिना जाता है।

भारतीय जनता पार्टी द्वारा सरकार के किए हुए कार्यों को संगठन के माध्यम से जनता तक पहुंचाना है आप सभी का स्नेह व समर्थन और सहयोग जो पार्टी को मिलता रहा है आशा है कि आगे भी इसी प्रकार से प्राप्त होता रहेगा और आप सभी के सहयोग से सभी क्षेत्रों के अंदर एक मजबूत संगठन खड़ा करके आपके महत्वपूर्ण सुझावों के आधार पर हमारा संगठन कार्य करता रहा है और भविष्य में भी करता रहेगा क्योंकि भारतीय जनता पार्टी कैडर आधारित पार्टी है जो कार्यकर्ताओं के आधार पर चलती है और इस अपेक्षा के साथ कि आपका सहयोग इसी प्रकार भविष्य में भी मिलता रहेगा।

प्रदेश महामंत्री व सांसद सुब्रत पाठक, क्षेत्रीय विधायक व मंत्री बृजेश पाठक व महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Facebook Comments