स्वतंत्र देव ने सफल चार वर्षों के कार्यकाल के लिए योगी सरकार को बधाई दी

लखनऊ:  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अन्त्योदय पथ पर जनाकांक्षाओं की पूर्णता के चार वर्षों के कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित प्रदेश भाजपा सरकार को बधाई दी। सिंह ने कहा कि राम-कृष्ण-विश्वनाथ व बुद्ध की भूमि को उसकी सांस्कृतिक व अध्यात्मिक विरासत के अनुरूप पुनर्निर्माण करके भारतीयता का विश्व में जयघोष करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई।

सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता ने डबल इंजन की सरकार के लिए जनादेश दिया था और आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की प्रेरणा तथा मार्गदर्शन में प्रदेश की योगी सरकार ने विकास की गति को आगे बढ़ाया, जिसका नतीजा है कि आज देश में विकास की 44 योजनाओं में उत्तर प्रदेश अग्रणी है। उन्होंने कहा कि जो वर्षो में न हो पाया वह योगी सरकार ने चार वर्ष में कर दिखाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने वर्ष 2017 में जिस समय शपथ ली थी उस वक्त प्रदेश का खजाना खाली था, कानून व्यवस्था ध्वस्त थी, प्रदेश के कई क्षेत्रों में लोग घर-द्वार छोड़कर अपनी जड़ो से उखड़ने को मजबूर थे। प्रदेश भाजपा सरकार ने सबका साथ-सबका विकास के संकल्प के साथ सबका विश्वास लेकर प्रदेश को दयनीय स्थिति से उबारकर सुशासन का राज कायम किया है। उन्होंने कहा कि जगमग गांव, लहलहाते खेत, निश्चित महिलाएं, उत्साहित युवा, उत्सुक उद्यमी, चमचमाती सड़के स्वयं ही विकास की कहानी कहती है। योगी सरकार की दृढ़ता, दूरदर्शिता तथा सजग प्रबंधन ने संवेदनशीलता के साथ प्रदेश का वातावरण बदला है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चार वर्ष पूर्व प्रदेश में सत्ता संरक्षित अपराध, तुष्टीकरण, अवैध खनन, सैफई महोत्सव के नाच-गाने में डूबी सरकार, असुरक्षित बहन-बेटियां, सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार, जातिवाद, वंशवाद से युवाओं के साथ धोखा, रंगदारी-चैथवसूली से पलायन को विवश व्यापारी व उद्योग तथा सत्ता की दहलीज पर दासी बनी कानून व्यवस्था और प्रदेश के अपरिपक्व नेतृत्व से अंधकार और निराशा के भवर में फसे उत्तर प्रदेश ने अपार आकांक्षाओं के साथ भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक जनादेश दिया। चार वर्ष पूर्व जब उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा को सत्ता सौंपी थी तब समस्याएं भी जटिल थी और चुनौतियां भी अपार थी।

सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनौतियों को स्वीकार करते हुए सख्त कानून व्यवस्था से प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया, जिससे प्रदेश भयमुक्त हुआ और निवेश के लिए देश का सबसे पंसदीदा राज्य बना। जबावदेही तय होने से प्रदेश ईज आफ डूइंग बिजनेस में दूसरे स्थान पर पहुंचा है। अपराध व अपराधियों के विरूद्ध जीरों टालरेंस की नीति से अपराध पर अंकुश लगा। माँ-बहन-बेटियांे की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। 86 लाख किसानों की ऋणमाफी, स्वायल हेल्थ कार्ड, प्रदेश में 2 करोड़ 41 लाख किसानों के खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उत्तर प्रदेश किसान सम्मान समृद्धि आयोग का गठन, 1.26 लाख करोड़ का रिकार्ड गन्ना भुगतान जैसे निर्णयों ने किसानों की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त किया है। पूरे प्रदेश में पांच एक्सप्रेस-वे के साथ सड़कों का जाल, आठ शहरों में मेट्रों परियोजनाएं, 30 नये मेडिकल कालेज तथा 2 एम्स की स्थापना, हर घर नल योजना के तहत प्रदेश की 30 हजार ग्राम पंचायतों में शुद्ध पेयजल योजना के क्रियान्वयन, मुख्यमंत्री सुकन्या सुमंगला कन्या योजना से 6 लाख 94 हजार बेटियां लाभांवित हुई है। इसके साथ सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता ने प्रदेश की छवि को बदलने का काम किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पारदर्शी खाद्यान्न वितरण, साकार होता ग्राम स्वराज का सपना, गांव की बदली तस्वीर से रूका पलायन, अवाध बिजली आपूर्ति से जगमग प्रदेश, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पर्यटन विकास से संस्कृति का सत्कार, गोवंश संरक्षण से प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है।

सिंह ने कहा कि राम-कृष्ण-विश्वनाथ व बुद्ध की भूमि ने गंगा-यमुना के कलकल से विश्व को भारतीय संस्कृति और आध्यात्म का संदेश दिया है। प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश में संस्कृति एवं पर्यटन स्थलों के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए। 5 अगस्त 2020 को राम मंदिर के भव्य निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भूमि पूजन करके इस पुनीत कार्य की शुरूआत की है। इसके साथ ही अयोध्या को त्रेतायुग की भांति वैभवशाली बनाने का कार्य भी प्रारम्भ हुआ है। यह इतिहास के सृजन का समय है।

उन्होंने कहा कि वाराणसी में देव दीपावली व अयोध्या में दीपोत्सव के भव्य आयोजन ने विश्व का ध्यान आकर्षित किया है। मथुरा में भव्य कृष्ण उत्सव तथा बरसाना में रंगोत्सव के साथ बौद्ध सर्किट में श्रावस्ती, कपिल वस्तु व कुशीनगर तथा रामायण सर्किट के अंतर्गत चित्रकूट व श्रृंगवेरपुर का विकास जारी है। विश्व का सबसे बड़ा सांस्कृतिक गौरव प्रयागराज कुम्भ-2019 यूनेस्को की सराहना के साथ भव्य रूप से सम्पन्न हुआ है। ब्रज तीर्थ क्षेत्र विकास परिषद, विन्ध तीर्थ क्षेत्र विकास परिषद, शुक्रधाम तीर्थ क्षेत्र विकास परिषद, देवीपाटन क्षेत्र विकास परिषद, नैमिषारण्य तीर्थ क्षेत्र विकास परिषद, से तीर्थ क्षेत्रों के विकास तथा वहां रोजगार की अवधारणा को साकार रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश विकास और खुशहाली के साथ ही सांस्कृतिक समृद्धि की ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में सतत अग्रसर है।

Facebook Comments