स्वतंत्र देव सिंह ने घाटमपुर विधानसभा में किया चुनाव प्रचार

लखनऊ:  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सोमवार को कहा कि अपनी राजनैतिक आंकाक्षाओं की पूर्ति के लिए विपक्षी दल देश की जनता को जाति, धर्म-मजहब के नाम पर बांटकर सत्ता में वापसी के सपने देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस-सपा और बसपा ने अपनी-अपनी सत्ता का दुरूपयोग करते हुए अपना और अपने परिवार का विकास तो किया लेकिन देश-प्रदेश और जनता का विकास सिर्फ इनकी झूठी घोषणाओं तक ही सीमित रह गया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हिंसा, अराजकता और भ्रष्टाचार जिनकी सत्ता की पहचान बन गई हो, उन्हें सुशासन और विकास रास नहीं आ रहा है।

इसीलिए ऐसे लोग उत्तर प्रदेश में अराजकता फैलाकर हिंसा कराने की फिराक में है। लेकिन जनता इनके मंसूबों को सफल नहीं होने देगी। माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार देश व प्रदेश के विकास के लिए कृत संकल्पित होकर कार्य कर रही है।  स्वतंत्र देव सिंह ने जनता का आवाहन किया कि वे एकजुट होकर घाटमपुर विधानसभा के उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी उपेन्द्र पासवान को अपना आशीर्वाद व समर्थन देकर भाजपा को विजय बनायें। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने आज घाटमपुर विधानसभा के उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी उपेन्द्र पासवान के समर्थन में चुनाव प्रचार किया व पार्टी के महिला मोर्चा, युवा मोर्चा व अनुसूचित मोर्चे द्वारा आयोजित सम्मेलन को भी सम्बोधित किया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में विकास व सुशासन और सपा-बसपा-कांग्रेस की सरकारों के कुशासन का फर्क जनता महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में एक नए भारत का निर्माण हो रहा है वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश चहुमुखी विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास का जो मंत्र दिया उसी के अनुरूप देश व प्रदेश में लोककल्याण की योजनाएं लागू की जा रही है। लेकिन यह सब विपक्षी दलों को रास नहीं आ रहा है क्योंकि सत्ता का सुख अपने परिवार तक सीमित रखने वाले लोगों को जनता का सुख रास नहीं आता। लेकिन अब ऐसे लोगों की झूठी बातों में जनता नहीं आने वाली है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आवाह्न किया की वे सम्पर्क और संवाद को हथियार बनाकर चुनाव मैदान में पूरे मनोयोग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा जनहित में किये गए कार्यों का लेखा-जोखा लेकर कार्यकर्ता जनता के बीच जायें। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि घाटमपुर विधानसभा के उपचुनाव में पार्टी को जनता का भारी समर्थन मिल रहा है और एक बार फिर भारी मतो से भाजपा की जीत होगी।

Facebook Comments