स्वतंत्र देव सिंह ने बुलन्दशहर सदर विधानसभा में किया चुनाव प्रचार का शुभारम्भ

लखनऊ:  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बुलन्दशहर सदर विधानसभा के चुनाव प्रचार का शुभारम्भ पार्टी के बूथ अध्यक्ष तेजपाल जाटव के आवास से किया। बूथ अध्यक्ष के परिवार से आशीर्वाद लेकर चुनाव अभियान की शुरूआत करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पार्टी के परिश्रमी कार्यकर्ताओं और मोदी सरकार व योगी सरकार की गांव, गरीब, किसान की खुशहाली की नीति उपचुनाव में भाजपा की बड़ी जीत का आधार होगी।

उन्होंने कहा कि विपक्ष वंशवाद, जातिवाद व तुष्टिकरण की राजनीति के चंगुल से बाहर नहीं निकल पा रहा है। जबकि प्रदेश की जनता ने भाजपा की सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास की नीति को बार-बार अपनी स्वीकृति दी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष प्रदेश की शान्ति व कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की बार-बार कोशिश कर रहा है, लेकिन भाजपा सरकार में विपक्ष के मंसूबे पूरे नहीं हो पाएगें।

पार्टी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बुलन्दशहर सदर विधानसभा के ग्राम कुदैना में आयोजित ग्राम चैपाल में किसानों से संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विगत सात दशकों से उपेक्षित किसानों की आय डेढ़ गुनी करने की प्रतिबद्धता के साथ कार्य प्रारम्भ किया। मोदी सरकार ने एमएसपी में वृद्धि, स्वाइल हेल्थकार्ड, किसान सम्मान निधि जैसे निर्णयों से किसान की खुशहाली के लिए कार्ययोजना को धरातल पर उतारा। वहीं प्रदेश भाजपा सरकार ने फसल की खरीद सुनिश्चित कर किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाया। उन्होंने कहा कि कृषि सुधार विधेयक किसानों की आर्थिक समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के साथ पश्चिम क्षेत्र अध्यक्ष मोहित बेनीवाल एवं पार्टी प्रत्याशी ऊषा सिरोही ने बूथ समिति, चुनाव प्रबंधन समिति, चुनाव संचालन समिति तथा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में चुनावी मंत्रणा की।

Facebook Comments