योगी सरकार में नौकरियां काबिलियत व ईमानदारी से मिल रही है: स्वतंत्र देव

लखनऊ:  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कांग्रेस का काम केवल और केवल झूठ बोलना है। मुद्दा विहीन विपक्ष हथकंडों को अपनाकर देश को कमजोर कर रहा है। स्वतंत्र देव सिंह का कहना था कि आज क्षेत्रीय दल परिवारवाद में डूबे हैं, भ्रष्टाचार की संस्कृति के पोषक इन क्षेत्रीय दलों में भ्रष्टाचार तेजी से पनप रहा है। आज देश व प्रदेश की जरूरत मोदी व योगी ही हैं। कानपुर देहात के कंचैसी में अकबरपुर के सांसद देवेंद्र सिंह भोले के पिता की पुण्यस्मृति पर आयोजित विचार गोष्ठी को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सम्बोधित कर रहे थे।
पार्टी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि आज अमेरिका की धरती पर भी जय श्रीराम व भारत मां की जय का नारा लग रहा है। यह देश की बढ़ती ताकत और विश्व पटल पर भारतीय संस्कृति का जयघोष है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश सामरिक तथा आर्थिक रूप से शक्ति सम्पन्न राष्ट्र बन रहा है। पूरे विश्व में भारत का मान बढा है। इसके साथ ही भाजपा सरकार सबका साथ-सबका विकास के संकल्प पर ही काम करती हुई किसानों की आय दोगुनी करने का काम सरकार कर रही है। लेकिन यह कुछ देश विरोधी ताकतों व विपक्षियों को रास नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार व योगी सरकार जाति, क्षेत्र, भाषा, धर्म के बिना भेदभाव के जन-जन को आत्मनिर्भर बनाने तथा मूलभूत सुविधाओं को गांव, गरीब, किसान की पहुंच तक पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में नौकरियां काबिलियत व ईमानदारी से मिल रही है। चार वर्ष में जितना काम योगी सरकार ने किया है उतना कभी दूसरी सरकारें नहीं कर पाईं।

इस दौरान मेधावी छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया साथ ही कोरोना वारियर्स का भी सम्मान मंच पर किया गया।

Facebook Comments