स्वतंत्र देव ने सरदार पटेल की प्रतिमा का अनावरण के बाद सभा को किया सम्बोधित

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि लौहपुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। उन्होंने कहा कि जब देश के कुछ नेता अपने निजी स्वार्थ के लिए राजनैतिक गतविधियों में व्यस्त थे, तब ऐसे समय में सरदार पटेल अखण्ड भारत की प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यदि सरदार वल्लभ भाई पटेल देश के पहले प्रधानमंत्री होते तो देश की सूरत कुछ और होती।

पार्टी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह बाराबंकी के रामसनेही घाट तहसील में सोमवार को लौहपुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद सभा को सम्बोधित कर रहे थे। सिंह ने स्व. हरिशंकर सिंह स्मृति उपवन का उद्घाटन करके दिव्यांगजनों को उपकरण भी भेंट किये।

श्री सिंह ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि सरदार पटेल के जज्बे और संकल्प ने न सिर्फ भौगोलिक रूप से देश को एक किया बल्कि भावनात्मक रूप से भी लोंगो के दिलों में एकता का दीप जलाया। सरदार पटेल जी का मानना था कि कश्मीर का भारत में पूरी तरह से विलय ही कश्मीर समस्या स्थाई समाधान है। 5 अगस्त 2019 को कश्मीर से धारा 370 व 35ए को समाप्त करकेे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सरदार पटेल जी के अधूरे सपने को पूरा किया है। सरदार पटेल जी को कांग्रेस ने सदैव नजरअंदाज किया। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  ने सरदार पटेल की 182 मीटर ऊँची विश्व की सबसे बड़ी प्रतिमा को स्थापित करके उनके प्रति श्रद्धाजंलि अर्पित की है।

Facebook Comments