निर्माण श्रमिक श्रम विभाग में पंजीकरण कराकर योजनाओं का लें लाभ: स्वामी प्रसाद

लखनऊ:  प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कुशल नेतृत्व में श्रमिकों के जीवन स्तर को सुधारने तथा उनके आश्रितों का भविष्य संवारने का सार्थक प्रयास कर रही है। श्रमिकों को विकास की मुख्य धारा में लाने के लिए श्रम विभाग कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रहा है। श्रमिक पंजीकरण कराकर इन योजनाओं का लाभ ले सकता है। श्रमिक पंजीयन 31 मार्च, 2021 तक निःशुल्क किया जा रहा है।
श्रम मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों की 02 पुत्रियों की शादी के लिए कन्या विवाह सहायता योजना संचालित कर रही है। इस योजना के तहत श्रम विभाग श्रमिक की बेटी की शादी का पूरा खर्च उठा रहा है। इसमें श्रमिक की पुत्रियों के स्वजातीय विवाह करने पर 55 हजार रू0 दिये जाते हैं तथा अन्र्तजातीय विवाह करने पर 61 हजार रूपये मिलता है। इसी प्रकार सामूहिक विवाह स्थल पर विवाह करने पर 65 हजार रूपये की धनराशि दी जाती है तथा 10 हजार रूपये वर एवं वधू को पोशाक खरीदने के लिए दिये जाते हैं। शादी के आयोजन के दौरान होने वाले व्यय के भुगतान के लिए 07 हजार रूपये प्रति जोड़ा विभाग द्वारा किया जाता है।

श्री मौर्य ने बताया कि कन्या विवाह सहायता योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन हेतु पात्रता श्रमिक पंजीयन की तिथि से 100 दिन पूर्ण होने के पश्चात ही इसका लाभ श्रमिक को मिल जायेगा। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत प्रदेश सरकार ने अब तक कुल 30,631 लाभार्थी श्रमिक पुत्रियों की शादी करायी है, जिसमें कुल 1,65,54,57,460 रूपये का व्यय हुआ है।

Facebook Comments