शिक्षक के पीड़ित परिवार को तत्काल पेंशन के साथ एक करोड़ का मुआवजा दिया जाये: रमेश बिधूड़ी

नई दिल्ली:  दिल्ली के अम्बेडकर नगर के सरकारी स्कूल में संस्कृत के शिक्षक उदय चंद झा के बदरपुर स्थित निवास पर आज भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी गये और पीड़ित परिवार की इस दुख की घड़ी में शामिल हुये। दूसरी ओर मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल कल इसी कालोनी में दो घंटे तक लोगों का हालचाल पूछते रहे लेकिन केजरीवाल की संवेदनहीनता का पता इससे चलता है कि पीड़ित परिवार से मिलने तक का समय उनके पास नहीं था।
भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाते हुये कहा कि दिल्ली सरकार के शिक्षक उदय चंद झा के परिवार को तत्काल पेंशन दे और परिवार के भरण-पोषण के लिए एक करोड़ रूपये का मुआवजा दिया जाये। उन्होंने कहा कि अगर केजरीवाल सरकार पीड़ित परिवार को तत्काल प्रभाव से मदद नहीं करती है तो उपराज्यपाल से मिलकर पूरी घटना का ब्यौरा दिया जायेगा क्योंकि परिवार के तीनों बच्चे पढ़ाई कर रहें हैं और परिवार के पास आय का कोई दूसरा श्रोत नहीं है।

बिधूड़ी ने कहा कि यदि ऐसी घटना किसी विशेष समुदाय में घटी होती तो मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल बिना देर किये पीड़ित परिवार के घर भी जाते और उसे मुआवजा देने की घोषणा भी करते। केजरीवाल जाति-धर्म के आधार पर राजनीति कर रहे हैं लेकिन जब भी कोई घटना घटती है तो उसमें पीड़ित परिवार चाहे किसी भी धर्म जाति से हो उसे सहायता दी जानी चाहिये। भारतीय जनता पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उसे हर संभव सहायता देगी।

Facebook Comments