वैक्सीन और मुफ्त राशन के लिये प्रधानमंत्री मोदी का आभार: स्वतंत्र देव सिंह

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समस्त देशवासियों के लिए मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध कराने तथा देश की 80 करोड़ से अधिक जनता को दीपावली तक निशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए आभार व्यक्त किया है।
श्री सिंह ने कहा कि देश के प्रत्येक व्यक्ति को निशुल्क वैक्सीन लगे इस संकल्प के साथ मोदी सरकार देश की जीत और कोरोना की हार के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ रही है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  का यह निर्णय देश में प्रत्येक व्यक्ति के वैक्सीनेशन से कोरोना पर प्रभावी प्रहार सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि यह हम सभी का सौभाग्य है कि देश का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ में है। मोदी जी ने प्रत्येक संकट के समय देश का नेतृत्व करते हुए सही समय पर सही निर्णय लिए और देश को संकट से उबारने का काम किया। उन्होंने कहा कि जो लोग भी वैक्सीन को लेकर आशंका व अफवाहें फैला रहे हैं, वह लोग देश की जनता के जीवन के साथ खिलवाड़ कर रहे है। भ्रम फैलाने वालों को सकारात्मक योगदान देते हुए वैक्सीनेशन अभियान में सहयोग करना चाहिए। इसमें मानवता का भी हित है और देश का भी हित है।

श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज महत्वपूर्ण घोषणा में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को अब दीपावली तक आगे बढ़ा दिया है। महामारी के इस समय में, सरकार गरीब की हर जरूरत के साथ, उसका साथी बनकर खड़ी है। इस आपदा की घड़ी में किसी भी व्यक्ति को भूखा न सोना पड़े इसके लिए मोदी  ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को नवम्बर तक बढ़ा दिया है। विगत वर्ष भी 8 माह तक देश के 80 करोड़ नागरिकों तक निशुल्क खाद्यान्न पहुंचाने का काम मोदी सरकार ने किया था। यह संवेदनशील सरकार का संवेदनशील निर्णय है। इस निर्णय के लिए मोदी जी का आभार।

Facebook Comments