हर संकट पर विश्व की निगाह पीएम मोदी पर होती है: स्वतंत्र देव सिंह

लखनऊ:  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि आज पूरे विश्व पर कोई भी संकट आए तो दुनिया भर के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ देखते हैं। पीएम मोदी ने भारत का वह सम्मान लौटाया है जो हमारे देश को विश्व गुरू के पद पर विभूषित करेगा। श्री सिंह ने रविवार को अंबेडकरनगर के आलापुर, जलालपुर और टांडा विधानसभा में जनसभा की और वोटरों से कमल के निशान पर बटन दबाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि आपके एक वोट से क्या कुछ बदल सकता है, यदि इसका उदाहरण देखना हो तो आज प्रधानमंत्री मोदी का जो सम्मान पूरे विश्व में है, वह आपको देखना चाहिए। पहले कोरोना और अब रूस और यूक्रेन के बीच का युद्ध, दुनिया पर जिस तरह से संकट के बादल छा रहे हैं, उसके मद्देनजर हमारे देश का मजबूत होना बहुत जरूरी है। यूपी वालों के एक-एक वोट से दुनिया में भारत का कद बढे़गा।

श्री सिंह ने कहा कि भारत विरोधी शक्तियां आज पूरे देश में सक्रिय हैं और भारत को आगे बढ़ते हमारे दुश्मन देखना नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि भाजपा को वोट देने से ना सिर्फ उत्तर प्रदेश का तीव्र विकास सुनिश्चित होगा बल्कि दुनिया में भारत का दबदबा और बढ़ेगा। प्रधानमंत्री मोदी जितने मजबूत होंगे, देश उतना ही मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों का साथ देने वाली देश विरोधी ताकतों और टुकड़े-टुकड़ें गैंग को सत्ता से दूर रखने की जरूरत है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूरा उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री मोदी से प्यार करता है और उन्हें पता है कि उनका एक-एक वोट प्रदेश और राष्ट्र के लिए महत्त्वपूर्ण है। एक मजबूत उत्तर प्रदेश तभी बनेगा जब भारत देश मजबूत रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी और सूबे के मुख्यमंत्री योगी ने गरीबों के लिए 43 लाख मकान बनवाए हैं, फ्री बिजली कनेक्शन और उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिया है। कोरोना के संकट काल में उत्तर प्रदेश के परिवारों को महीने में दो-दो बार मुफ्त राशन की व्यवस्था की गयी है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन ने महीने दो बार दे रही है उत्तर प्रदेश की जनता को अच्छी तरह से पता है की नमक का हक कैसे अदा किया जाता है।

श्री सिंह ने कहा कि जब सुख के दिन आते हैं तो आदमी को दुख के दिन नहीं भूलने चाहिए और ऐसा जतन करना चाहिए कि दुख के दिन दुबारा ना लौटें। आप सबको याद होगा कि सपा शासन में लोगों ने कितना दुख भोगा है, कैसे 2017 तक पूरा उत्तर प्रदेश दंगों की आग में जलता था। औसतन हर हफ्ते दो दंगे होते थे। आतंक और भय का माहौल था, मित्रों आम जनता व गरीब आदमी के खिलाफ अन्याय होता था और पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती थी। क्योंकि पुलिस पर कार्रवाई ना करने के लिए भाईजान से लेकर अब्बाजान तक का दबाव रहता था। आज उत्तर प्रदेश का माहौल बदल चुका है।

उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में लोग खुलकर सांस ले रहे हैं, हमारी बहन-बेटियां सुरक्षित हैं और अपराधी जेल से बाहर नहीं आना चाहते क्योंकि बाबा का बुलडोजर बाहर ही पार्किंग में खड़ा है। कमल के निशान पर वोट देने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि बाबा के बुलडोजर का डर बहुत जरूरी है तभी उत्तर प्रदेश में अपराध पर रोक लग सकेगी। अपराधियों को कानून का डर सिर्फ भाजपा ही दिखा सकती है इसलिए कमल के निशान पर बहुत जोर से बटन दबाने की अपील मैं आप सब लोगों से करता हूं।

Facebook Comments