सपा के शासन में जो भ्रष्टाचार हुआ है वही पैसा निकल रहा है: उपमुख्यमंत्री मौर्य

लखनऊ:  जौनपुर पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का सपा पर हमला, बोले कानपुर में छापेमारी पर सपा की छटपटाहट से साफ पता चलता है कि चोर की दाढ़ी में तिनका है, सपा के शासन में जो भ्रष्टाचार हुआ है वही पैसा निकल रहा है। भाजपा की जन विश्वास यात्रा के अंतर्गत जौनपुर में आयोजित जनसभा में उमड़े जनसैलाब को संबोधित किया और कहा कि इस बार आप सभी के आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी।

पिछले विधानसभा चुनाव 2017 में गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार करने वाले को प्रदेश की जनता नकार चुकी है। जन विश्वास यात्रा में जनता-जनार्दन का जोश और जुनून बता रहा है कि 2022 में भाजपा प्रचंड जीत के साथ एक नया इतिहास लिखने जा रही है।

जौनपुर में ‘जन विश्वास यात्रा’ में जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आखिर अखिलेश यादव कब बाबा विश्वनाथ धाम का दर्शन करेंगे। अखिलेश यादव यह भी बताएं कि जब वह बाबा विश्वनाथ धाम जाएंगे तो क्या ज्ञानवापी मस्जिद भी जाएंगे या नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि नकली हिंदू चुनाव तक मंदिर दर्शन करते हैं और फिर गिरगिट की तरह रंग बदल देते हैं।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पूरे यूपी में 50 जगहों पर इनकम टैक्स की छापेमारी को लेकर सपा पर हमला बोला। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा यदि छापेमारी का स्वागत करने के बजाय विरोध कर रही है तो निश्चित रूप से ये दिख रहा है कि दाल में कुछ काला है। जांच एजेंसियां अगर छापेमारी नहीं करती तो गरीब कल्याण का पैसा तहखाना में से कैसे निकलता। उन्होंने कहा कि छापेमारी से अखिलेश यादव के पेट में क्यों दर्द हो रहा है? जबकि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने कहा था कि न खाऊंगा और न खाने दूंगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के शासन में जो भ्रष्टाचार हुआ था, उसका पैसा इन छापेमारी में से निकल रहा है। इसको लेकर अखिलेश यादव का बयान चोर की दाढ़ी में तिनके की तरह है। समाजवादी पार्टी के लोगों ने कहीं से भी छापेमारी का स्वागत नहीं किया है। उल्टे सपा के लोग छापेमारी का विरोध कर रहे हैं। यह भ्रष्टाचार सपा के कार्यकाल में हुआ था, जिसका खुलासा भाजपा के शासनकाल में छापेमारी के दौरान हो रहा है।

लखनऊ देर सायं मछलीशहर के रोडवेज परिसर में पहुंची भारतीय जनता पार्टी की जन विश्वास यात्रा का हजारों कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया । इस मौके पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री  केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 100 में से 60 हमारा है सिर्फ 40 फीसदी में ही बटवारा है लेकिन उस 40 में भी हमारा है। क्योंकि हमने सबका साथ लिया है और सबका विकास किया है।

उन्होंने समाजवादी पार्टी के गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि पिछले चुनाव में बबुआ ने बुआ से हाथ मिला कर भी देख लिया। लेकिन परिणाम शून्य रहा। जब सपा बसपा का गठबंधन भाजपा के सामने फेल साबित हुआ तो अब सपा को समझ लेना चाहिए की जनता ने गुंडावाद, माफियाबाद की उनकी सरकार से अपना रिश्ता तोड़ दिया है। कहा कि प्रदेश के सभी दल अगर एक साथ मिलकर भी चुनाव लड़ते हैं तो भी 100 सीटों के अंदर ही सिमट जाएंगे। कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने निष्पक्ष, ईमानदार और स्वच्छ प्रशासन इस देश की जनता को दिया है। दो लाख करोड़ रूपया किसान सम्मान निधि में किसानों को सीधे उनके खातों में भेजा गया है। अगर यही मोदी की जगह सपा-बसपा या कांग्रेस का शासन होता तो सारा रुपया सिर्फ दलाल और बिचौलिए खा जाते। कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के  पुनरुद्धार से आज हम सब की छाती गर्व से चौड़ी हो रही है।

उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश में 300 से अधिक सीटें जीतने का  दावा किया। जनसभा को जन विश्वास  यात्रा के राष्ट्रीय प्रभारी और भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सांसद विनोद सोनकर, प्रदेश सरकार में मंत्री नीलकंठ तिवारी, सांसद संगम लाल गुप्ता, बीपी सरोज, प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के जिला अध्यक्ष रामविलास पाल और संचालन विधानसभा प्रभारी डॉ कमलेश झा ने किया। प्रमुख उपस्थित लोगों में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनीता रावत जिला यात्रा प्रमुख बृजेश सिंह, जयेशसिंह, मनोज सिंह, सुशीला सरोज, मेहीलाल गौतम, अरविंद सिंह दारा, पिछड़ा मोर्चा के जिला अध्यक्ष शैलेश गिरी, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग सिन्हा कमलेश सिंह, दिलीप राय बलवानी आदि रहे।

Facebook Comments