बुद्ध नगर की बहनों ने तिरंगे पर राखी बांध कर वीर जवानों के दीर्घायु की कामना की
Date posted: 2 August 2020
नई दिल्ली: रक्षाबंधन के उपलक्ष में आज समृद्धि की ओर एनजीओ द्वारा इंद्रपुरी में आयोजित रक्षा बंधन वीर जवानों के नाम कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने सरहद पर तैनात वीर फौजी भाइयों की सलामती हेतु तिरंगे पर प्रतीकात्मक रूप से राखी बांधकर प्रभु से वीर जवानों की दीर्घायु की कामना की। इस कार्यक्रम में बुद्ध नगर की बहनों ने तिरंगे को राखी बांधी। इस अवसर पर राष्ट्रीय मंत्री सरदार आर पी सिंह, उत्तरी दिल्ली नगर निगम में स्थायी समिति के अध्यक्ष छैल बिहारी गोस्वामी, निगम पार्षद सुनीता कौशिक, शशि कौशिक, एनजीओ अध्यक्ष ओमप्रकाश, भगवान दास सहित एनजीओ से जुड़े कार्यकर्ता उपस्थित थे।
आदेश गुप्ता ने एनजीओ की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रक्षा बंधन में बहन अपने भाई को रक्षा सूत्र बांधती है, लेकिन आज तिरंगे को राखी बांधकर हम सब ने अपने अंदर की देशभक्ति की भावना को प्रदर्शित किया है। उन्होंने कहा कि आपदा को अवसर में बदलने का जो मंत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया है उसने सभी देशवासियों के अंदर एक सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह किया है और वैश्विक महामारी से लड़ने में सबका मनोबल बढ़ाया है। मोदी जी ने भारत के 130 करोड़ भाई-बहनों को आत्मनिर्भर भारत अभियान से जोड़ा है जिसका परिणाम है कि आज प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर आत्मनिर्भर अभियान में अपना योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि रक्षा बंधन के त्यौहार में लगभग 6000 करोड़ के कारोबार में 4000 करोड़ की राखियां चीन से आयात होकर आती थी लेकिन इस साल बहने राखियां स्वयं निर्मित कर रही हैं और जिससे देश को राखी आयात करने की जरूरत नहीं होगी और उसका फायदा हर देशवासी को होगा।
श्री गुप्ता ने कहा 500 वर्ष पूर्व विदेशी अक्रांता श्री राम मंदिर को तोड़कर पूरे भारतवर्ष के लोगों के सम्मान, स्वाभिमान और उनकी आस्था को छिन्न-भिन्न करने का काम किया। लेकिन 5 अगस्त वह तारीख है जिस दिन 500 वर्ष से लगे कलंक को मिटाने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी श्री राम मंदिर का भूमि पूजन करके करेंगे। पूरा देश 5 अगस्त को उस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनेगा। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार कई पुण्य और जनहित में इतिहास बदलने का काम किया है। कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35-ए को खत्म करने का काम ही भाजपा सरकार ने मोदी जी के नेतृत्व में किया है। आज कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है और वहां के रहने वाले भाई-बहन भी केंद्र सरकार कि हर जन कल्याणकारी योजना का लाभ उठा सकते हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व पटल पर मजबूती के साथ उभर रहा है।
Facebook Comments