सेवा का भाव ही हमें बल देता है और सेवा कार्य करने की प्रेरणा भी देता है: आदेश गुप्ता

नई दिल्ली:  बदरपुर विधानसभा के साईं लीला ग्रैंड में आयोजित एक कार्यक्रम में आज दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी व दक्षिणी नगर निगम महापौर अनामिका मिथिलेश ने जरूरतमंदों के बीच आयुर्वेदिक काढ़े के पैकेट, फेस मास्क और सैनिटाइजर का वितरण किया। इस अवसर पर दक्षिणी दिल्ली जिलाध्यक्ष रोहताश कुमार, उत्तर पूर्वी जिलाध्यक्ष एवं विधायक अजय महावर, पूर्व जिला अध्यक्ष मिथिलेश सिंह, मंडल अध्यक्ष रणवीर राठौड़, निगम पार्षद महेश लोहिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदेश गुप्ता ने कहा कि 2 गज की दूरी का पालन करते हुए लॉकडाउन के प्रारंभ से भाजपा कार्यकर्ता गरीब व जरूरतमंद की सहायता करते आ रहे हैं जिसके लिए कल माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने कार्यकर्ताओं की सराहना भी की और मनोबल बढ़ाया। जहां एक ओर अन्य पार्टी के कार्यकर्ता डर से घर में छुपे हुए थे वही दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं ने बिना डरे अपनी जान की परवाह किए बगैर निरंतर दिल्ली के लोगों की सेवा की। जरूरतमंदों तक फूड पैकेट्स, राशन किट व अन्य जरूरी सामान पहुंचाने का काम दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं ने किया है। सेवा का भाव ही हमें बल देता है और सेवा कार्य को करने की प्रेरणा भी देता है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के दिखाए हुए मार्ग एकात्म मानववाद का अनुसरण करते हुए पर भाजपा के कार्यकर्ता अपनी सेवाओं के जरिए समाज के अंतिम वर्ग के व्यक्ति तक लाभ को पहुंचाने का काम करते हैं। भारतीय जनता पार्टी के लिए सत्ता सेवा का माध्यम है। यह दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं की निष्ठा और समर्पण ही है जो लगातार 90 दिनों से दिन-रात सेवा कार्य में जुटे हुए हैं।
दिल्ली सरकार पर हमला बोलते हुए श्री गुप्ता ने कहा कि शुरू में दिल्ली सरकार ने दिल्ली के लोगों को आश्वासन दिया कि उन्होंने कोरोना संकट से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर ली है, सभी तरह की स्वास्थ्य संबंधी इंतजाम किए जा चुके हैं। लेकिन जैसे ही दिल्ली में कोरोना का संकट बढ़ता गया केजरीवाल सरकार के स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल खुल गई। दिल्ली के लोगों को इलाज, टेस्टिंग, बेड के लिए भटकना पड़ा, दिल के अस्पतालों से भी भयावह तस्वीरें सामने आ रही थी, प्राइवेट अस्पताल मरीजों से लाखों वसूल रहे थे। स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में दिल्ली के लोग परेशान हो चुके थे और केजरीवाल सरकार फिर भी संवेदनहीन बनी रही। अंततः मोदी जी के नेतृत्व में माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी ने हस्तक्षेप किया और दिल्ली के स्वास्थ्य व्यवस्था को पटरी पर लाने का काम किया। गृह मंत्री जी के प्रयासों से दिल्ली के लोगों को समय पर बेड मिल रहा है, इलाज और टेस्टिंग की जा रही है एवं सभी प्रकार की स्वास्थ संबंधी सुविधाएं मुहैया करवाई गई जिससे आज दिल्ली में कोरोना संक्रमण से ठीक होने वालों की दरों में वृद्धि आई है। मैं माननीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का भी आभार करना चाहता हूं जिन्होंने दिल्लीवासियों को राहत पहुंचाने के लिए 12 दिनों में डीआरडीओ द्वारा तैयार किया गया 1000 बेड और 250 आईसीयू युक्त अस्पताल बनवाया।
रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन के नेतृत्व में काढ़ा, मास्क और सैनिटाइजर की व्यवस्था दिहाड़ी मजदूर, जरूरतमंद भाई-बहनों के लिए किया गया है जो मास्क, सैनिटाइजर का खर्चा वहन नहीं कर सकते हैं। श्री बिधूड़ी ने कार्यकर्ताओं से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए घर-घर जाकर मोदी सरकार द्वारा दिल्ली के विकास के लिए और लॉकडाउन के दौरान दिल्ली की लोगों की सहायता के लिए उठाए गए कदमों से अवगत कराने का आह्वान किया। उन्होंने मुफ्त राशन की व्यवस्था को नवंबर तक करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा दिल्ली के गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए जो राशन मोदी सरकार की ओर से मुहैया करवाया जाएगा, अगर कोई व्यक्ति मुफ्त राशन से वंचित रह जाता है उस तक राशन पहुंचाने की जिम्मेदारी हमारी होगी।
श्री बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए मोदी सरकार ने काम किया, दिल्ली में 30,000 बेड की व्यवस्था हो या दिल्ली के 72 लाख गरीब और जरूरतमंद लोगों को मुफ्त राशन देने का काम भी मोदी सरकार ने किया लेकिन इन कार्यों का श्रेय लेने के लिए आजकल टीवी पर मुख्यमंत्री केजरीवाल ही छाए रहते हैं। दिल्ली को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री पीछे हट गए थे लेकिन मोदी जी के मार्गदर्शन में माननीय गृह मंत्री अमित शाह जी दिल्ली के लोगों कोरोना संक्रमण से बचाने की जिम्मेदारी ली, इसके लिए उनका जितना भी आभार किया जाए कम है।

Facebook Comments