आरम्भ है प्रचंड पर लक्ष्य 2020 का दिल्ली विधानसभा चुनाव: मनोज तिवारी

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष एवं उत्तर पूर्वी दिल्ली के नवनिर्वाचित सांसद मनोज तिवारी की रणनीति दिल्ली में कारगर साबित हुई और पार्टी को बंपर जीत हासिल हुई और इस जीत में जहाँ पार्टी की रणनीति, कुशल नेतृत्व कारगर साबित हुआ वहीं कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत ने जीत की बुनियाद को और मजबूत किया और 2014 के मुकाबले दिल्ली के सभी सांसद दो से तीन गुना मतों से जीत हासिल कर सके।

मनोज तिवारी ने अपने संसदीय क्षेत्र उत्तर पूर्वी दिल्ली लोक सभा के कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया इसके लिए करावल नगर स्थित पी.आर. वाटिका में पार्टी की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें न सिर्फ मनोज तिवारी ने कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया बल्कि उनके साथ भोजन कर आगामी विधानसभा चुनाव 2020 की रणनीति पर भी चर्चा की। उपस्थित कार्यकर्ताओं को मनोज तिवारी ने संबोधित किया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी का आधार और बुनियाद होते हैं। बुनियाद जितनी मजबूत होगी भवन उतना ही मजबूत होगा और पार्टी का ढांचा अगर मजबूत होगा तो 2020 की दिल्ली अब दूर नहीं। उन्होंने कहा कि दशकों दिल्ली कांग्रेस के भ्रष्टाचार के तले दबी रही और देश की राजधानी होने के बावजूद, विकास दिल्ली से कोसों दूर रहा लेकिन 2015 में दिल्ली में एक बहुरूपिये ने दिल्ली को सपना दिखाया और लोगों ने यकीन भी किया कि शायद अब दिल्ली का कुछ भला होगा और प्रचंड बहुमत से दिल्ली में केजरीवाल की सरकार बनी लेकिन जितना दर्द केजरीवाल के कुशासन से पिछले साढ़े चार वर्ष में दिल्लीवासियों को मिला है, उसने मौजूदा दिल्ली सरकार के खतरनाक मंसूबों को भी बेनकाब कर दिया और अब दिल्ली की जनता मन बना चुकी है कि दिल्ली को दर्द देने वाले केजरीवाल को दिल्ली से बाहर करना है।
प्रदेश अध्यक्ष श्री मनोज तिवारी ने कहा कि आगामी छह माह तक कार्यकर्ता गली-गली, घर-घर जाकर न सिर्फ पार्टी की नीति-रीति और सिद्धांत से लोगों को जोड़ेंगे बल्कि केंद्र सरकार की जनहितकारी नीतियों को घर घर तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस और अरविंद केजरीवाल केंद्र सरकार की जनहितकारी नीतियों से भयभीत हैं और उसका जीता जागता उदाहरण आर्थिक आधार पर आरक्षण और आयुष्मान भारत योजना को केजरीवाल द्वारा दिल्ली में न लागू करना है। कार्यकर्ता सभी योजनाओं को जन जन तक पहुँचाएँ जिससे केजरीवाल का कुशासन और कांग्रेस की भ्रष्ट शासन की कल्पना का अंत निश्चित है।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, जिला अध्यक्ष अजय महावर, कैलाश जैन, विधायक जगदीश प्रधान, महामंत्री चौधरी भँवर सिह, संजय त्यागी, मास्टर विनोद, कर्मवीर चंदेल, भाजपा नेता प्रवेश शर्मा, भीष्म शर्मा, चौधरी सुग्रीव सिंह, मनोज त्यागी, गौरव खारी, जय भगवान गोयल, मीडिया विभाग के प्रदेश सह प्रमुख आनंद त्रिवेदी, दोनों जिलो के सभी पदाधिकारी, सभी मंडल अध्यक्ष, निगम पार्षद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Facebook Comments