बूथ प्रबंधन को मजबूत करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष आज से शुरु करेंगे मंडल प्रवास

नई दिल्ली:  प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता का कल से चलने वाला मंडल प्रवास कार्यक्रम शुरु होगा। यह प्रवास यात्रा कार्यक्रम बदरपुर विधानसभा से शुरु होकर भाजपा दिल्ली के सभी मंडलों में पूरा होने तक चलेगी। इस बात की जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा संगठन में समिति अध्यक्ष संगठन की रीढ़ की हड्डी होता है। प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता स्वयं समिति अध्यक्ष रह चुके हैं, इसलिए इसकी महत्ता को बेहतर समझते हैं।

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता हमारी ताकत है और विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का मूल निचले स्तर तक कार्यकर्ता संगठन की नींव है। इस प्रवास का मुख्य उद्देश्य समिति स्तर के कार्यकर्ताओं से रुबरु होकर उनसे सीधा संवाद स्थापित करना है।
दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि प्रवास के दौरान प्रत्येक मंडल में बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी, मंडल प्रभारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष, मंडल मोर्चा पदाधिकारी, चुनाव लड़ चुके पूर्व प्रत्याशी, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्षों के साथ मंडल क्षेत्र में रहने वाले प्रदेश पदाधिकारी, पंच परमेश्वर और कार्यकारिणी सदस्य भी उपस्थित रहेंगे। प्रवास के बाद प्रदेश अध्यक्ष समिति अध्यक्ष के घर या सेवा बस्ती में जाकर जलपान करेंगे और रात में किसी बस्ती में रहने वाले कार्यकर्ता के घर पर भोजन करेंगे।

Facebook Comments