यूपी के भाजपा अध्यक्ष ने कन्नौज व आगरा में शिक्षक व स्नातक चुनाव पर दिया जोर

लखनऊ 19 नवम्बर 2020, प्रदेश में विधान परिषद के शिक्षक व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए हो रहे चुनावों को लेकर  भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने प्रयागराज व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने आज कन्नौज व आगरा में पार्टी संगठन द्वारा आयोजित बैठकों में सम्मिलित होकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ चुनावी तैयारियों पर चर्चा की और चुनाव अभियान में लगे पार्टी पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया। प्रयागराज में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह के साथ प्रदेश महामंत्री संगठन  सुनील बंसल भी बैठक में सम्मिलित हुए।
प्रयागराज में इलाहाबाद-झांसी स्नातक क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश मंे हो रहे विधान परिषद के शिक्षक/स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भी मतदाताओं का भरपूर समर्थन भाजपा को मिलेगा। सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  के नेतृत्व में भाजपा सरकार समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि वैश्विक मोर्चे पर देश की छवि हो या आन्तरिक मोर्चे पर कोविड की आपदा से निपटने की चुनौती हो भाजपा सरकार ने हर मोर्चे पर ऐतिहासिक कार्य किये है। जनता इसे भली भांति समझ चुकी है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में हुए उपचुनावों में भाजपा को मिली सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि उपचुनावों के परिणामों से सिद्ध हो चुका है कि जनता का विश्वास भाजपा के प्रति और भी दृढ़ हुआ है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि प्रदेश में हो रहे विधान परिषद के चुनावों में मतदाताओं से सम्पर्क व संवाद स्थापित कर भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और जनहित में उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए पार्टी प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील करें। पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने बैठक में विधान परिषद चुनाव के संदर्भ में अब तक हुई तैयारियों की जानकारी लेते हुए पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि वे एक-एक मतदाता तक पहुंचकर भाजपा प्रत्याशियों की विजय के लिए वोट की अपील करें। इसके पूर्व पार्टी के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह के प्रयागराज पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह पर उनका स्वागत व अभिनंदन किया। इस अवसर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह व नन्दगोपाल नंदी सहित कई अन्य वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कन्नौज व आगरा में आगरा शिक्षक/स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर आयोजित बैठकों में सम्मिलित हुए। बैठक में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकारों द्वारा किये जा रहे लोककल्याण के कार्यों का ही परिणाम है कि उत्तर प्रदेश के उपचुनावों में तो जनता ने भाजपा को अपना आशीर्वाद दिया ही साथ ही बिहार सहित अन्य राज्यों में भी पार्टी को विजय हासिल हुई।

उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार सबका साथ-सबका विकास व सबका विश्वास के मूल मंत्र के साथ जनसेवा के लिए कृतसंकल्पित होकर कार्य कर रही है। जिसका नतीजा है कि जनता का भी आशीर्वाद लगातार भाजपा को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश में जातिवाद, क्षेत्रवाद और वंशवाद के सहारे सत्ता में आए दलों के भ्रष्टाचार का सच जनता के सामने आ चुका है। जनता द्वारा लगातार नकारे जाने से इन दलों में हताशा व निराशा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आवाह्न करते हुए कहा कि विधान परिषद चुनावों में भी मतदाताओं से सीधा सम्पर्क व संवाद हमारी जीत का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता के आशीर्वाद व समर्थन से भाजपा विधान परिषद के चुनावों में भी सफलता हासिल करेगी। बैठक में पार्टी के प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य व सुब्रत पाठक, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी सम्मिलित हुए।

Facebook Comments